हिमाचल: कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, दिवाली पर 5% डीए, क्लास-4 कर्मियों को मिलेंगे 10 हजार रुपये अतिरिक्त

--Advertisement--

हिमाचल प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली पर राहत की खबर सामने आई है, कर्मचारियों को 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) और क्लास-4 कर्मियों को 10 हजार रुपये अतिरिक्त देने से जुड़ी जानकारी सामने आई है।

हिमखबर डेस्क

हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली पर बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला सचिवालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कर्मचारियों के लिए 4 प्रतिशत महंगाई भत्ते (DA) की घोषणा की।

पहले का 1 प्रतिशत बकाया DA मिलाकर अब कर्मचारियों को कुल 5 प्रतिशत DA का लाभ मिलेगा। इसके अलावा, क्लास-4 कर्मचारियों को 5 प्रतिशत DA के साथ 10 हजार रुपये अतिरिक्त देने का भी ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी अधिसूचना शुक्रवार को ही जारी कर दी जाएगी।

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव का दावा

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का स्वास्थ्य क्षेत्र लगातार आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य अगले दो से तीन वर्षों में प्रदेश को देश के अग्रणी स्वास्थ्य राज्यों में शामिल करना है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, IGMC शिमला, टांडा, नेरचौक और हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में आधुनिक एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, CT स्कैन और MRI मशीनें स्थापित की गई हैं। इससे मरीजों को जांच की बेहतर सुविधा मिल रही है और बीमारियों का समय पर पता लगाने में मदद मिल रही है।

चार मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी

सीएम ने बताया कि प्रदेश के चार मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू की गई है। उनके अनुसार, अब तक लगभग 600 से 700 रोबोटिक सर्जरी की जा चुकी हैं। हिमाचल में रोबोटिक सर्जरी का खर्च करीब 30 हजार रुपये बताया गया। उन्होंने कहा कि इस सेवा के शुल्क में कुछ बढ़ोतरी की जा रही है।

मेडिकल कॉलेजों में स्टाफ बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में स्टाफ की उपलब्धता बढ़ाने के लिए सरकार ने कदम उठाए हैं। उनके अनुसार, पहले मेडिकल कॉलेजों में करीब 35 प्रतिशत स्टाफ उपलब्ध था, जिसे बढ़ाकर लगभग 60 प्रतिशत तक पहुंचाया गया है।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेजों में 1,000 स्टाफ नर्सों के पद भरे गए हैं और रेडियोग्राफर के सभी पद भरने का दावा भी किया। सरकार का लक्ष्य 31 मार्च, 2027 तक मेडिकल कॉलेजों में पूरा स्टाफ उपलब्ध करवाना है।

हिमाचल में स्थापित होगी ऑटोमेशन लैब

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली स्थित एम्स की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी ऑटोमेशन लैब स्थापित करने की योजना है। इस परियोजना पर करीब 28 से 30 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

PG की सीटें 277 से बढ़कर 597 हुईं

सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल शिक्षा को मजबूत करने के लिए पोस्ट ग्रेजुएट (PG) सीटों की संख्या बढ़ाई गई है। उनके अनुसार, पहले हिमाचल में PG की 277 सीटें थीं। केंद्र से 320 अतिरिक्त सीटें मिलने के बाद अब इनकी संख्या 597 हो गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि हमीरपुर में देश का पहला पैरामेडिकल कॉलेज शुरू किया गया है, जिसका पहला बैच वर्ष 2028 में आने की बात कही गई। इसके अलावा, स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ तैनात किए गए हैं।

आर्थिक चुनौतियों के बावजूद OPS जारी रखने का ऐलान

पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर भी बात की। उन्होंने कहा कि हिमाचल को आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है और केंद्र सरकार से मिलने वाली राजस्व घाटा अनुदान (RDG) बंद होने से प्रदेश को नुकसान हुआ है।

सीएम ने कहा कि यदि RDG मिलती रहती, तो प्रदेश इसी साल आत्मनिर्भर बनने की स्थिति में पहुंच सकता था। उन्होंने स्पष्ट किया कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद राज्य सरकार कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ देती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आर्थिक अनुशासन के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर काम कर रही है।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

नदी में गिरी पिकअप, चालक की मौके पर मौत; 3 मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

हिमाचल में एक दर्दनाक हादसे में पिकअप वाहन नदी...