शाहपुर दशहरा के आयोजन को और भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है, इसके तहत मेला मैदान में भव्य मंच बनाया जाएगा, इस पहल का उद्देश्य दशहरा उत्सव को अधिक आकर्षक और बेहतर स्वरूप देना है।
शाहपुर – नितिश पठानियां
जिला स्तरीय शाहपुर दशहरा उत्सव का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढऩे का आह्वान किया।
उन्होंने शाहपुर दशहरा उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि भविष्य में उत्सव का स्तर और ऊंचा उठाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछले पौने चार वर्षों में शाहपुर में विकास कार्यों को गति मिली है और क्षेत्र प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है।
उत्सव के सफल आयोजन में सहयोग देने वालों का आभार जताते हुए उन्होंने घोषणा की कि शाहपुर मैदान में मौजूदा स्टेज का कायाकल्प कर उसकी जगह भव्य मंच बनाया जाएगा। साथ ही, नवंबर में धारकंडी में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद केवल सिंह पठानिया ने विधिवत पूजा-अर्चना कर रावण सहित अन्य पुतलों का दहन किया।
इस दौरान लोगों ने भव्य आतिशबाजी का आनंद लिया। समारोह में उन्होंने उत्सव के सफल आयोजन में सेवाएं देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यापार मंडल शाहपुर के प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उत्सव के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं की विजेता और उपविजेता टीमों को भी ट्रॉफियां प्रदान की गईं।
वहीं, राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल रैत के विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत कर नशामुक्ति का संदेश दिया। बच्चों के मनोरंजन के लिए चेयर रेस और मटका फोड़ प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ उत्सव का समापन हुआ।

