हिमाचल में दर्दनाक सड़क हादसे में कार की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला स्वास्थ्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला छह माह के बच्चे को दूध पिलाने घर जा रही थी।
सिरमौर – नरेश कुमार राधे
हिमाचल प्रदेश में जिला सिरमौर के पांवटा साहिब-शिलाई गुम्मा नेशनल हाईवे 707 पर नारीवाला में कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान 36 वर्षीय पूनम पत्नी राजेंद्र कुमार निवासी अजौली पांवटा साहिब के रूप में हुई है।
महिला कुंडियों पीएचसी में स्वास्थ्य कर्मी (फीमेल हेल्थ वर्कर) के तौर पर तैनात थी। जिसने दो दिन पहले ही ज्वाइन किया था। पिछले 6 माह से वह मेटरनिटी लीव पर थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला स्वास्थ्य कर्मी दोपहर को स्कूटी पर अपने 6 माह के बच्चे को दूध पिलाने घर जा रही थी। इस बीच नारीवाला के पास उत्तराखंड नंबर की कार (UK 07 DM-2646) ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। जिसके चलते पूनम की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुरुवाला थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवा कर अंतिम संस्कार के लिए स्वजन को सौंप दिया। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पूनम के निधन से दो बेटियों और 6 साल के मासूम से मां का साया छिन गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गांव समेत पूरे इलाके में मातम पसर गया।
पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी के बोल
उधर, जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद कार चालक के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।

