हिमाचल के बरोटीवाला में विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला पटवारी को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
सोलन – रजनीश ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बरोटीवाला क्षेत्र में विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला पटवारी को 1 लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस थाना बद्दी की टीम ने शिकायत के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी कि महिला पटवारी द्वारा सरकारी राजस्व संबंधी कार्य को पूरा करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की प्राथमिक जांच की और शिकायत की पुष्टि करने के पश्चात कार्रवाई की योजना तैयार की।
इसके बाद विजिलेंस टीम ने शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ महिला पटवारी के पास भेजा। जैसे ही 1 लाख रुपये की कथित रिश्वत का लेन-देन हुआ, पहले से तैयार विजिलेंस टीम ने मौके पर दबिश देकर महिला पटवारी को हिरासत में ले लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी कब्जे में ले ली है।
विजिलेंस अधिकारियों ने मामले से संबंधित दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को भी जांच के दायरे में लिया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग से जुड़े कार्यालयों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग द्वारा मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है, ताकि रिश्वत मांगने के कारण और संबंधित राजस्व कार्य सहित अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला पटवारी ने किस राजस्व कार्य के बदले 1 लाख रुपये की कथित रिश्वत मांगी थी और वह किस पटवार सर्कल में तैनात थी। और न ही विजिलेंस विभाग ने महिला पटवारी की पहचान का खुलासा नहीं किया है। विजिलेंस की जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

