शाहपुर – नितिश पठानियां
पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश देते हुए अवर ऑन इंग्लिश स्कूल, शाहपुर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जागरूकता के साथ विद्यालय परिसर में फलदार एवं सजावटी पौधे लगाए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए प्रत्येक पौधे को उनकी स्मृति और सम्मान से जोड़ने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा उन्हें प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और अपने आसपास अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का भी संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान जैसे मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।

