चम्बा – भूषण गुरुंग
उप-निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) ने जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार–2026 के लिए देशभर के पात्र शिक्षकों से ऑनलाइन स्व-नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक शिक्षक नेशनल टीचर्स अवॉर्ड्स पोर्टल पर जाकर अपना आवेदन ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने समर्पण, नवाचार एवं उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के माध्यम से विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
ऑनलाइन स्व-नामांकन पोर्टल 15 जून से खुल चुका है। पात्र शिक्षक 10 जुलाई तक अपना ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं, जबकि आवेदन का अंतिम सबमिशन एवं पुष्टि 13 जुलाई तक की जा सकती है। इसके उपरांत स्वतंत्र राष्ट्रीय ज्यूरी का गठन मध्य जुलाई में किया जाएगा।
जिला/क्षेत्रीय चयन समितियों द्वारा 14 से 21 जुलाई तक तथा राज्य/संगठन चयन समितियों द्वारा 22 से 29 जुलाई तक शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी। शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को ज्यूरी के साथ संवाद के लिए 30 से 31 जुलाई के बीच आमंत्रित किया जाएगा। इसके बाद स्वतंत्र राष्ट्रीय ज्यूरी 3 से 7 अगस्त तक चयन प्रक्रिया पूरी करेगी तथा 8 अगस्त को अंतिम अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।
माननीय शिक्षा मंत्री की स्वीकृति के उपरांत चयनित पुरस्कार विजेताओं को 10 से 20 अगस्त के बीच सूचित किया जाएगा। पुरस्कार समारोह का पूर्वाभ्यास एवं आयोजन 4 एवं 5 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने सभी इच्छुक एवं पात्र शिक्षकों से आग्रह है कि वे आवेदन करने से पूर्व पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना आवेदन प्रस्तुत करें। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

