हिमखबर डेस्क
होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष जोगिंद्र सिंह चौहड़िया ने कहा कि 15 अगस्त को भारत अपना 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। भारत के एक वर्ग को छोड़कर लगभग सभी वर्गों का इन 76 सालों में विकास हुआ है।
खासकर सरकारी कर्मचारी वर्ग अपने आप व अपने परिवार को को सुरक्षित कर चुका है। भारत में एक वर्ग ऐसा भी है, जो आजादी से पूर्व देश की सेवा और सुरक्षा को लेकर अस्तित्व में आया था। आज भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं पा रहा है और न परिवार को सुरक्षित कर पाया है।
उन्होंने कहा कि देश आजाद हुआ था तो सेना और पुलिस बल के साथ होमगार्ड संस्था भी कार्य कर रही थी। सेना देश की सीमा की देखभाल करती है। पुलिस आंतरिक सुरक्षा की देखभाल करते हैं। होमगार्ड जवान भी आपात काल में लोगों की सुरक्षा के साथ युद्ध काल में सेना की सहायता व शांति काल में पुलिस व अग्निशमन विभाग की सहायता कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद एसएसबी, आईटीबीपी और कुछ अन्य अर्द्धसैनिक बल भी स्वयं सेवक संस्थान के रूप में अस्तित्व में आए। आज वे नियमित सैनिक बल बन चुके हैंं। वे केंद्र सरकार के अधीन हैं। होमगार्ड राज्य सरकारों के अधीन होने के कारण अन्य अर्द्ध सैनिक बल से वरिष्ठ होने पर भी आज तक नियमित नहीं हो पाए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मांग की है कि होमगार्ड जवानों के लिए चिकित्सा प्रतिपूर्ति लाभ, भविष्य निधि व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाए जाएं।

