नाहन, 26 मई – नरेश कुमार राधे
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश नाहन के शहर के चंबा ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। साथ ही कांग्रेस के घोषणापत्र के कई बिंदुओं को न्यायसंगत करने का प्रयास भी किया।
गांधी संबोधन के दौरान अदानी के साथ-साथ मीडिया पर भी बरसे। राहुल गांधी मंच पर संविधान की प्रतिलिपि भी लेकर आए थे। राहुल गांधी ने कहा कि वैसे तो बब्बर शेर अकेला ही होता है, लेकिन नाहन में पंडाल बब्बर शेरों से भरा हुआ है।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ये कहते हैं कि उनका परमात्मा से सीधा कनेक्शन है। वो बताएं, प्रभु से कनेक्शन सुबह होता है, शाम को होता है या फिर 24 घंटे।

राहुल ने कहा कि मोदी चाहते हैं कि देश उनकी ही बात सुनें। जो वो कहे, वही हो। राहुल गांधी ने मंच पर संविधान की कॉपी लहराते हुए कहा कि भाजपा महापुरुषों व हजारों साल पुरानी सोच पर हमला कर रही है।
भाजपा चाहती है कि संविधान को बदल दिया जाए। राहुल गांधी ने कहा कि अगर ये सत्ता में लौटे तो संविधान को बदल देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री साक्षात्कार करते हैं। चार चमचों को सामने बिठा लेते हैं। सवाल ये पूछा जाता है कि मोदी जी आप आम कैसे खाते हैं।
राहुल गांधी ने तकरीबन 30 मिनट के संबोधन में कहा कि कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ताओं ने देश की आजादी के लिए कार्य किया। भाजपा के कार्यकर्ता संविधान पर हमला कर रहे हैं।
अदानी सहित देश के 22-25 पूंजीपतियों पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी ने इनका 16 लाख करोड़ का कर्जा माफ कर दिया।

पूंजीपतियों ने इस कमाई से विदेशों में चल व अचल संपत्तियां अर्जित की। राहुल गांधी ने कहा कि देश में मोदी, अदानी व मीडिया की साझेदारी चल रही है। जब सेब खरीदना होता है तो दाम गिरा दिए जाते हैं, जब इसे बेचना होता है तो दाम बढ़ जाते हैं।
मीडिया पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि क्या आपने हिमाचल के मीडिया में कभी हिमाचल के सेब बागवान या फिर किसान को देखा है। लेकिन अंबानी-अदानी के घर में शादी होगी तो वो हमेशा ही दिखाई देंगी।
ऐसे किया अपनी बात को न्यायसंगत
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार बनने पर जुलाई माह से गरीब परिवारों की महिलाओं के खाते में ठकाठक-ठकाठक 8500 रुपए की राशि जाएगी। ये राशि मिलने के बाद मीडिया वाले शोर मचाना शुरू कर देंगे कि आदत को बिगाड़ा जा रहा है तो मीडिया वाले समझ लें कि यदि ऐसा किया तो वो राशि को डबल कर देंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि 22-25 लोगों को 16 लाख करोड़ बांटे गए, इससे 22 साल तक मनरेगा योजना को चलाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि 8500 रुपए देने के लिए गरीबों की एक लिस्ट बनेगी।
इसमें से एक महिला को चुना जाएगा, जिसके खाते में ये राशि डाली जाएगी। 21वीं सदी में पुरुष व स्त्री एक तरह का काम कर रहे हैं, फर्क ये है कि काम से लौटने के बाद महिला अतिरिक्त 8 घंटे काम करती है।

30 लाख सरकारी नौकरी
राहुल गांधी ने कहा कि हमने पता लगाया है कि देश में 30 लाख सरकारी पद रिक्त पड़े हुए हैं। सरकार बनते ही इन्हें भरा जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि मनरेगा में मजदूर वर्ग के लिए तो रोजगार की गारंटी है, लेकिन ग्रैजुएट युवाओं के लिए प्रावधान नहीं है, लिहाजा स्नातक की पढ़ाई करने वालों के लिए भी अधिकार लाया जा रहा है, ‘पहली नौकरी पक्की अधिकार’ शीर्षक के तहत बेरोजगार युवाओं को एक साल के रोजगार की गारंटी होगी। मासिक 8500 रुपए का भुगतान होगा।
कैश इंजेक्शन
राहुल गांधी ने कहा कि कैश इंजेक्शन के पीछे भी एक वजह है। दरअसल, मोदी द्वारा बनाए गए अरबपतियों द्वारा विदेशों में संपत्तियां अर्जित की गई। इससे देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हो गई।
अब जब महिलाओं व बेरोजगारों के खाते में 8500-8500 रुपए की राशि जाएगी तो वो लोकल बाजार में ही इसे खर्चेंगे। इससे असल मायनों में मेड इन इंडिया की बात साबित होगी। साथ ही लाखों करोड़ रुपए का प्रवाह आने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
मीडिया पर कटाक्ष
राहुल गांधी ने कहा कि जीएसटी में बेशुमार विसंगतियां थी। नोटबंदी से लाखों मंझले कारोबारी बर्बाद हो गए। हथियारों को बनाने का ठेका अडानी को दे दिया, एयरपोर्ट इन्हें सौंप दिए। लेकिन मजाल है कि मीडिया ने कुछ बोला हो। हिमाचल ने आपदा में 9 हजार करोड़ की सहायता मांगी थी, लेकिन केंद्र ने नहीं दी।

मैं और प्रियंका आपके सिपाही
हिमाचल में आपके सिपाही सुखविंदर सिंह सुक्खू व उनकी टीम है। दिल्ली में मैं और मेरी बहन प्रियंका आपके सिपाही बनकर रहेंगे। मेरी बहन तो अब हिमाचल में ही रहने लगी है।
ये रहे उपस्थित
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एक ही हेलीकॉप्टर में राहुल गांधी के साथ पहुंचे थे। इसके अलावा पार्टी प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व सीएम भूपेश बघेल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधायक अजय सोलंकी, विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आनंद परमार, पूर्व विधायक करनेश जंग व शिमला संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी मौजूद रहे।

