हाउस टैक्स को लेकर शुरू हुए बखेड़े पर पार्षद और उनके पति ने की कार्रवाई
शाहपुर – नितिश पठानियां
नगर पंचायत शाहपुर में अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के पद की शपथ लेने के दूसरे ही दिन उपाध्यक्ष विजय गुलेरिया, पार्षद राजीव पटियाल और संजीव उपाध्याय पर पूर्व चेयरमैन और वर्तमान पार्षद ऊष्मा चौहान और उनके पति राकेश चौहान ने एक करोड़ रुपए की मानहानि का नोटिस भेजा है।
पूर्व चेयरपर्सन और वर्तमान पार्षद ऊष्मा चौहान और उनके पति राकेश चौहान ने कहा कि तीन हफ्ते पहले नगर पंचायत शाहपुर में सभी पार्षदों द्वारा एक प्रेस कान्फ्रेंस की और उसमें उपाध्यक्ष विजय गुलेरिया, राजीव पटियाल और संजीव उपाध्याय की ओर से पूर्व चेयरमैन ऊष्मा चौहान और उनके पति पर गंभीर आरोप लगाए।

इस दौरान आरोप लगाया गया कि नगर पंचायत शाहपुर में लगाया गया हाउस टैक्स ऊष्मा चौहान और उनके पति की मिलीभगत से लागू किया गया है और इसमें चेयरमैन और वाइस चेयरमैन को बदनाम करने के लिए अधिकारियों की मदद ली गई है।
इस पर पूर्व अध्यक्ष ऊष्मा चौहान ने कोर्ट जाते हुए इन तीनों पार्षदों पर मानहानि का दावा कर एक करोड़ रुपए का नोटिस भेजा है। नोटिस के माध्यम से कहा गया है कि नगर पंचायत में जो हाउस टैक्स लगाया गया है, उसमें उनका कुछ भी लेना-देना नहीं है।
गौरतलब है कि उक्त नगर पंचायत बनते ही चर्चा में रही है, जब पहले चुनाव में ऊष्मा चौहान कांग्रेस के समर्थन से अध्यक्ष पद पर विराजमान हुई थीं। साल बाद भाजपा समर्थित निशा शर्मा ने बतौर अध्यक्ष पदभार ग्रहण किया था अब सत्ता परिवर्तन होते ही इन्होंने भी अपने पद से त्यागपत्र दे दिया।
तीनों पार्षदों के बोल
वहीं, तीनों पार्षदों का कहना है कि उन्हें मानहानि का नोटिस मिला है। वह अपने अधिवक्ता के माध्यम से इसका जवाब देंगे।

