
मंडी – नरेश कुमार
करसोग में केबीसी के नाम पर 25 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
उपमंडल के तहत गांव पुनी के डीम चंद को वाट्सएप पर एक संदेश मिला कि उनके नंबर को कौन बनेगा करोड़पति के लिए चुना गया है। इसमें उनकी 25 लाख की लाटरी निकली है। इस राशि को प्राप्त करने के लिए डीम चंद से टैक्स के रूप में 25 हजार की राशि जमा करने को कहा गया।
डीम चंद शातिरों के झांसे में आ गए और गूगल पे के माध्यम से तीन बार 25 हजार रुपये भेज दिए। जब सामने से कोई भी जवाब नहीं आया तक उनको ठगे जाने का अहसास हुआ है।
उधर, डीम चंद का कहना है की वह दिल की बीमारी से ग्रस्त हैं। इलाज के लिए काफी पैसों की आवश्यकता है। इस बीच जब लाटरी लगने का संदेश प्राप्त हुआ तो इलाज आसानी के साथ होने की उम्मीद जगी। डीम चंद ने पुलिस से आरोपितों का पता लगा उनके राशि दिलवाने का आग्रह किया है।
उधर डीएसपी करसोग गीतांजलि ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
