
बिलासपुर- सुभाष चंदेल
पुलिस थाना स्वारघाट की टीम ने गुरुवार देर रात बड़ी कारवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने रात के समय स्वारघाट चौक पर नाके के दौरान मंडी से चंडीगढ़ की तरफ जा रही एक कार में बैठे पंजाब के शख्स से 20 लाख कैश और 7.780 किलो चांदी बरामद की है। मामले में अवैध तस्करी की आशंका, कैश और सामान को देखते हुए पुलिस ने आबकारी एवं कराधान विभाग और आयकर विभाग को इसकी सूचना दी।
पकड़े गए शख्स की पहचान पंकज लूथरा पुत्र सुकेश कुमार लूथरा दिलबाग नगर जालंधर के रूप में हुई है। शख्स के पास जो चांदी पकड़ी गई है, वह बिना बिल का था और 500 रुपए की 40 बंडल, जो कि कुल 20 लाख रुपए की राशि बनती है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना स्वारघाट की टीम ने एसएचओ बलबीर सिंह की अगवाई में नेशनल हाई-वे चंडीगढ़-मनाली पर स्वारघाट चौक पर नाका लगाया हुआ था और वाहनों की रूटीन चैकिंग की जा रही थी।
सुबह सवा 5 बजे स्वारघाट पुलिस टीम इंस्पेक्टर बलबीर सिंह की अगुवाई में जब स्वारघाट चौक पर नाका लगाकर वाहनों की तलाशी में जुटी थी तो इतने में बिलासपुर की तरफ से आ रही इस कार को जब चैक किया गया तो कार में से बिना बिल यह चांदी बरामद की गई।
पंजाब नम्बर की इस क्रेटा कार में 2 लोग सवार थे जोकि खुद को पंजाब के जालंधर निवासी बता रहे हैं।पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने खुद को ज्वेलर्ज बताया है लेकिन कार में ले जाई जा रही 7 किलो 780 ग्राम चांदी तथा 20 लाख रु कैश को लेकर युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए हैं।
एस पी बिलासपुर एस आर राणा ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर उक्त युवकों से सामान सबन्धी पूछताछ की जा रही है।
