हिमखबर डेस्क
फाल्गुन महीना के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि पर होलिका दहन किया जाता है तथा होलिका दहन के अगले दिन रंगों का पर्व होली धूमधाम से मनाया जाता है।
शाहपुर के ज्योतिषी आचार्य पंडित अमित कुमार शर्मा ने बताया कि इस बार पूर्णिमा तिथि 13 मार्च को सुबह 10 बजकर 35 मिनट से शुरू होगी और इसका समापन 14 मार्च को दोपहर 12 बजकर 23 मिनट पर हो रहा है। ऐसे में 13 मार्च को होलिका दहन किया जाएगा, जबकि 14 मार्च 2025 को रंगों की होली मनाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष होली पर्व पर साल का पहला चंद्रग्रहण भी होगा। चंद्रग्रहण 14 मार्च को सुबह 9 बजकर 29 मिनट से दोपहर 3 बजकर 29 मिनट तक रहने वाला है, लेकिन भारत में यह चंद्रग्रहण नजर नहीं आएगा, इसलिए इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा।
ऐसे में इसका कोई असर होली के त्योहार पर भी नहीं होगा। उन्होंने बताया कि यह चंद्रग्रहण ऑस्ट्रेलिया, यूरोप के अधिकांश भाग, अफ्रीका के बड़े हिस्से, प्रशांत, अटलांटिक और आर्कटिक महासागर, उत्तरी और दक्षिणी अमरीका, पूर्वी एशिया तथा अंटार्कटिका में स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा।
चंद्र ग्रहण के दौरान क्या न करें
ग्रहण के समय गर्भवती महिलाओं को अधिक सावधानी बरतनी चाहिए। इस समय भूलकर भी खानपान का सेवन, बाहर आना-जाना व सुई से जुड़ा कोई भी कार्य न करें।
ग्रहण होने पर पूजा-पाठ न करें, साथ ही मंदिर को भी नहीं छूना चाहिए। ऐसा करना अशुभ हो सकता है। इस दौरान सिलाई-कढ़ाई, बालों में कंघा, नुकीली चीजों का इस्तेमाल और भोजन का सेवन भी नहीं करना चाहिए।
इन राशियों को संभलकर रहने की जरूरत
होली के दिन चंद्रमा की केतु से युति हो रही है, जिसके कारण मिथुन सहित कुछ राशि के जातकों को संभलकर रहने की जरूरत है।
मिथुन
इस राशि के जातकों के जीवन में थोड़ी सी परेशानियां आ सकती हैं। ऐसे में सुख-सुविधाओं की तेजी सके कमी देखने को मिल सकती है। घर में किसी न किसी बात को लेकर कलह मची रह सकती है। ऐसे में आप मानसिक तनाव का सामना कर सकते हैं।
इसके साथ ही किसी भी प्रकार के वाद-विवाद से बचने की कोशिश करें, क्योंकि कानूनी पचड़ों में फंस सकते हैं। इसके साथ ही ये ग्रहण चौथे भाव में हो रहा है।
ऐसे में किसी न किसी प्रकार के तनाव का सामना करना पड़ सकता है। किसी भी प्रकार का निवेश करने से बचना चाहिए। इससे आपको काफी हानि हो सकती है।
सिंह
इस राशि के जातकों के लिए चंद्रग्रहण ज्यादा लाभकारी सिद्ध नहीं होगा। इस राशि के जातकों को मानसिक और शारीरिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही जीवन में किसी न किसी कारण तनाव बना रहेगा।
ऐसे में अध्यात्म की ओर जाकर आप अच्छा महसूस कर सकते हैं। करियर में भी कुछ अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। अपने भविष्य को लेकर अभी किसी भी प्रकार का निर्णय लेने से बचना चाहिए। इससे आपको अच्छा खासा नुकसान हो सकता है।
तुला
इस राशि के जातकों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। छोटे से काम में अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है। बावजूद इसके आपको सफलता हासिल नहीं होगी। बेकार के खर्चों से आप परेशान रह सकते हैं। यह ग्रहण बारहवें भाव में लग रहा है।
ऐसे में इस राशि के जातकों के जीवन में खुशियों की कमी देखने को मिल सकती है। एकाग्रता की कमी देखने को मिलने वाली है। सेहत के मामले में थोड़ा सजग रहने की कोशिश करें। इससे आपको काफी नुकसान हो सकता है। अपने भविष्य को लेकर थोड़ा चिंतित हो सकते हैं।