
शिमला – जसपाल ठाकुर
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के की नवनियुक्त अध्यक्ष रचना गुप्ता और तीनों सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह टल गया है। बताया जा रहा है कि राजभवन सचिवालय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की व्यवस्तता का हवाला दिया है। ऐसे में शपथ ग्रहण समारोह टाल दिया गया है।
वहीं, अध्यक्ष समेत तीनों सदस्यों के नियुक्ति आदेश वापस होने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। गौरतलब है कि सरकार ने बुधवार को रचना गुप्ता को राज्य लोकसेवा आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त करने की अधिसूचना जारी की थी। निदेशक विजिलेंस आईएएस अधिकारी राकेश शर्मा, धर्मशाला से कर्नल राजेश शर्मा और चौपाल से डॉ. ओपी शर्मा को आयोग का सदस्य बनाया गया है।
पहले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार सुबह 8:30 बजे राजभवन शिमला में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की ओर से अध्यक्ष और सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जानी थी। लेकिन एन मौके पर समारोह को टाल दिया गया है।
उधर, लोकसेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार 7 अगस्त 2022 को 62 वर्ष की आयु पूरी करने पर सेवानिवृत्त हुए थे। बीते 10 दिनों से अध्यक्ष का पद रिक्त है। रचना गुप्ता लोकसेवा आयोग में बतौर सदस्य करीब चार वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुकी हैं। अब इनकी नियुक्ति छह वर्षों के लिए हुई है।
कांग्रेस ने नियुक्ति पर उठाए सवाल
वहीं, कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अल्का लांबा ने नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए ट्वीट किया है। कहा कि हिमाचल में भाजपा आगामी चुनावों में अपनी हार को देखते हुए जाते-जाते अपने चहेतों में रेवड़ियां बांटने लगी हैं। विवादों में घिरने के बाद शपथ ग्र्रहण को टालने के बहाने खोजे जा रहे हैं। अल्का ने कहा कि रचना गुप्ता की नियुक्ति को लेकर भाजपा के भीतर भी मुख्यमंत्री के खिलाफ सवाल उठने लगे हैं, मामला पीएम तक पहुंचा है।
