शिमला – नितिश पठानियां
हिमाचल में आबकारी कराधान विभाग ने नई शराब नीति में न्यूनतम कोटा फिक्स कर दिया है। प्रदेश में आगामी वित्तीय वर्ष में पांच करोड़ 24 लाख 52 हजार 997 लीटर न्यूनतम शराब की बिक्री का लक्ष्य तय किया गया है। इसमेंं तीन करोड़ 33 हजार लीटर घरेलू (देशी), जबकि दो करोड़ 24 लाख 19 हजार 972 लीटर अंग्रेजी शराब की खपत हिमाचल में होगी।
आबकारी एवं कराधान विभाग की नई पालिसी पहली अप्रैल से लागू होनी है। लाहुल और पांगी क्षेत्र को भी इसमें शामिल किया गया है। विभाग ने जिलों के आधार पर कोटा फिक्स किया है। प्रदेश में शराब की न्यूनतम खपत के मामले में कांगड़ा पहले नंबर पर है, जबकि शिमला दूसरे और मंडी तीसरे स्थान पर है।
इन तीन जिलों में कुल कोटे का 50 फीसदी न्यूनतम खपत का लक्ष्य तय किया है। न्यूनतम खपत के हिसाब से ही आबकारी विभाग प्रदेश में शराब की यूनिट की नीलामी कर रहा है। न्यूनतम तय खपत कोटे में कांगड़ा जिला का टारगेट देशी शराब का 52,27,870 लीटर और अंग्रेजी शराब का 34,28,088 लीटर तय किया है।
शिमला में 40,41,266 देशी और 31,68,977 लीटर अंग्रेजी शराब, तो मंडी में 31,60,877 लीटर देशी और 21, 28,500 लीटर अंग्रेजी शराब आगामी वित्तीय वर्ष में बिक्री होगी। सोलन में 19,11,949 लीटर देशी, जबकि 16,15,057 लीटर अंग्रेजी शराब, सिरमौर में 15,71,832 लीटर देशी और 7,81,507 लीटर अंग्रेजी, बिलासपुर में 15,93, 834 लीटर देशी, जबकि 10,52,692 लीटर अंग्रेजी, कुल्लू में 14,85,186 लीटर देशी और 27,43,993 लीटर अंग्रेजी, लाहुल और पांगी क्षेत्र में 1,25,179 लीटर देशी और 2,13,400 लीटर अंग्रेजी, नूरपुर में 22,97, 222 लीटर देशी और 12,29,774 लीटर अंग्रेजी, हमीरपुर में 17,82,746 लीटर देशी, 12,47,516 लीटर अंग्रेजी, ऊना में 24,30,0 50 लीटर देशी, 17,35,905 लीटर अंग्रेजी, चंबा में 19,48,833 लीटर देशी, जबकि 12,45,521 लीटर अंग्रेजी और किन्नौर में 2,20,097 लीटर देशी, जबकि 3,74,511 लीटर अंग्रेजी शराब का कोटा तय किया गया है।
आबकारी विभाग पहली अप्रैल से नई शराब नीति के तहत काम शुरू करेगा और इसमें न्यूनतम कोटे को आगामी वित्तीय वर्ष में खपत करना होगा।
पर्यटन निगम के सात होटलों में हाई एंड वाइन शॉप
पर्यटन निगम के होटलों में बड़े ब्रांड की शराब अप्रैल से उपलब्ध रहेगी। आबकारी एवं कराधान विभाग ने तीन जिलों के सात होटल में हाई एंड वाइन शॉप खोलने का फैसला कर लिया है। पर्यटन निगम के होटलों में शराब की दुकान चलाने की रूपरेखा तय हो चुकी है। आबकारी कराधान विभाग ने नई पाॅिलसी में शिमला, कुल्लू और कांगड़ा में पर्यटन निगम के होटलों में शराब की दुकानें चलाने का फैसला लिया है।
शिमला के आशियाना (गुफा) में, एप्पल ब्लॉस्म फागू और एमसी पार्किंग टूटीकंडी में शराब की दुकानें खुलेंगी। कांगड़ा में होटल धौलाधार और होटल भागसू (मकलोडगंज), जबकि कुल्लू में होटल कुंजुम (मनाली) और पर्यटन निगम के होटल धोलूनाला में ये दुकानें चलेंगी। आबकारी एवं कराधान विभाग 31 मार्च के बाद नई पालिसी को लागू करेगा और इसके बाद पर्यटन निगम के होटलों में हाई एंड वाइन शॉप खुल जाएंगी।

