
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आज वीरवार को दोपहर बाद तीन बजे शुरू होगी। बैठक में प्रदेश में स्कूल व कालेज खोलने पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा कोचिंग सेंटर खोलने पर भी फैसला होगा।
शिमला, जसपाल
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आज वीरवार को दोपहर बाद तीन बजे शुरू होगी। बैठक में प्रदेश में स्कूल व कालेज खोलने पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा कोचिंग सेंटर खोलने पर भी फैसला होगा। हालांकि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को देखते हुए सरकार को स्कूलों को खोलने के हक में नहीं है। लेकिन दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों को अपनी इच्छानुसार स्कूल आने की अनुमति मिल सकती है।
कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव के लिए प्रभावी कदम उठाने के संबंध में प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्यमंत्री की जुब्बल-कोटखाई और निरमंड में की गई घोषणाओं पर मुहर लगाएंगी। मुख्यमंत्री ने हाल ही में यहां एसडीएम कार्यालय खोलने की घोषणा की है। उपचुनाव से पहले सरकार बड़े फैसले ले सकती है।
इसके अलावा सरकारी क्षेत्र में पद भरने के लिए भी मंजूरी मिल सकती है। हालांकि शिक्षा विभाग में एक हजार के करीब पदों पर भर्ती का मामला फिलहाल रुक गया है। वित्त विभाग से मंजूरी न मिलने के कारण इस फाइल को कैबिनेट की बैठक में मंजूरी के लिए नहीं रखा गया है।
दो अगस्त से हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। इस सत्र के दौरान विधानसभा में पेश किए जाने वाले बिलों पर भी कैबिनेट में चर्चा की जाएगी। सरकार काेचिंग सेंटर खोलने पर जरूर फैसला ले सकती है। बीते दिनों मुख्यमंत्री ने इस संबंध में बयान भी दिया था।
उन्होंने कहा था कि कोचिंग सेंटर खोलने की लगातार लोगों की मांग आ रही है। ऐसे में इस संबंध में निर्णय होने की संभावना बन रही है।
