
शिमला – जसपाल ठाकुर
प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा बजट में लिए गए फैसलों पर शुक्रवार से अमल शुरू हो गया है। शुक्रवार को नया वित्त वर्ष शुरू होने के साथ ही टोल बैरियर से लेकर दिहाड़ी की दरों तक में बदलाव हो गया है। इसका सीधा असर दैनिक जीवन पर देखने को मिल रहा है।
प्रदेश की नई आबकारी नीति के तहत अंग्रेजी शराब महंगी और देसी शराब के दामों में कमी आ गई है, तो प्रदेश के एनएच पर स्थापित टोल नाकों पर अधिक टोल वसूली शुरू हो गई है। इसका असर हिमाचल के दोनों टोल पर पड़ेगा। इसमें शिमला-परवाणू में सनवारा, जबकि किरतपुर-मनाली मार्ग पर स्थापित टोल में वाहन चालकों का अधिक जेब ढीली करनी पड़ेगी।
सबसे बड़ा बदलाव सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में आ रहा है। इसमें 60 साल की आयु पूरी करते ही सामाजिक पेंशन का नियम भी लागू हो जाएगा। पेंशन में प्रदेश सरकार ने आयकर प्रमाण की शर्त को खत्म कर दिया है। अब 60 साल की आयु में प्रवेश करते ही प्रदेश के सभी नागरिकों को पेंशन शुरू हो जाएगी, इसमें एक हजार रुपए देने का प्रावधान किया गया है।
बजट के अमल में आने सेे सबसे बड़ी राहत बिजली के क्षेत्र में मिलने वाली है। इसमें अब 60 यूनिट तक बिजली की खपत पर कोई भी बिल नहीं आएगा, जबकि 125 यूनिट तक एक रुपए के हिसाब से बिल का भुगतान करना होगा। इससे अधिक खपत पर पूर्व की भांति ही बिजली का बिल आएगा।
आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन भी शुक्रवार से बढ़ रहा है। इससे आउटसोर्स कर्मचारियों के भुगतान में एकरूपता आएगी। दरअसल, आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए वेतन का पूर्व को कोई मानक तय नहीं था। अब 10 हजार 500 रुपए इसका निर्धारण किया गया है।
इसके अलावा अब विभिन्न विभागों में कार्यरत दैनिक भोगियों और दिहाड़ीदारों को 350 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान होगा। सूबे में हिम केयर कार्ड की वैधता अब तीन साल के लिए होगी। प्रदेश में अब हिम केयर कार्ड भी एक साथ तीन साल के लिए बनेगा। अब हर साल इसे दोबारा पंजीकृत करने की जरूरत नहीं है।
प्रदेश सरकार ने बजट में इसका फैसला किया था और अब इसे लागू कर दिया गया है। हिमकेयर कार्ड में पांच लाख रुपए तक के उपचार का प्रबंध है। आबकारी एवं कराधान विभाग ने अब जहरीली शराब की बिक्री रोकने के लिए ट्रैक एंड ट्रेस पॉलिसी शुरू कर दी है।
इसके लागू होते ही बोतल को स्कैन किया जा सकेगा और इस पर बने होलोग्राम से इसके उत्पादन की तारीख से लेकर अन्य तमाम जानकारी मिल पाएगी। इस बारे में ऐप भी तैयार की जा रही है।
50 रुपये बढ़ जाएगी दिहाड़ी
हिमाचल प्रदेश में दिहाड़ी 300 रुपये से बढ़कर 350 रुपये हो जाएगी। सरकार इसमें 50 रुपये की बढ़ोतरी करेगी। यह अकुशल श्रमिकों की दिहाड़ी है। कुशल श्रमिकों की दिहाड़ी मे इसी अनुपात में अलग से बढ़ोतरी होगी। विभिन्न श्रेणियों के मानदेय बढ़ाने की अधिसूचनाएं भी जारी की जा सकती हैं।
उत्पादकों से दूध खरीद का मूल्य बढ़ेगा
राज्य में दूध खरीद का मूल्य दो रुपये बढ़ाया जाएगा। यह अब 28.95 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा जाएगा। यह खरीद दुग्ध उत्पादकों से प्रदेश सरकार की एजेंसी मिल्कफेड की ओर से की जाती है।
10 नई योजनाएं होंगी लागू
प्रदेश में 10 नई योजनाएं लागू होंगी। ये मुख्यमंत्री बाल सुपोषण, मुख्यमंत्री असहाय बाल पुनर्वास, मुख्यमंत्री महिला सशक्तीकरण, श्रेष्ठ शिक्षा गुणवत्ता प्रोत्साहन, मुख्यमंत्री विद्यार्थी कल्याण, बाल प्रतिभा छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन, कौशल आपके द्वार, मुख्यमंत्री मोबाइल क्लीनिक और गरुड़।
