केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सूबे के फोरलेन, नेशनल हाइवे और तटीकरण के लिए 400 करोड़ रुपये की घोषणा की है। कहा कि सेतु भारतम परियोजना, सीआरएफ के तहत 400 करोड़ रुपये की राशि दी जा रही है।
कुल्लू – अजय सूर्या
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सूबे के फोरलेन, नेशनल हाइवे और तटीकरण के लिए 400 करोड़ रुपये की घोषणा की है।
कुल्लू में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान गडकरी ने यह घोषणा की। कहा कि सेतु भारतम परियोजना, सीआरएफ के तहत यह राशि दी जा रही है। 130 करोड़ रुपये पहले ही दे जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फोरलेन व एनएच को जो भी नुकसान हुआ है, उसकी मरम्मत के लिए जितना पैसा लगेगा, खर्च किया जाएगा।
गडकरी यह भी कहा कि यदि एनएच के एक किलोमीटर के दायरे में किसी भी सड़क या पुल का नुकसान हुआ होगा तो उसकी मरम्मत भी एनएचएआई की ओर से की जाएगी ताकि सेब सीजन में बागवान अपनी फसलों को मंडियों तक पहुंचा सके।
क्षतिग्रस्त टू लेन रोड के लिए राज्य सरकार के 280 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी जाएगी। इसके तहत 80 करोड़ रुपये तुरंत जारी किए जा रहे हैं। कहा कि क्षतिग्रस्त फोरलेन की तुरंत डीपीआर बनाकर मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा।
स्विट्जरलैंड के विशेषज्ञों को भी बुलाया गया है और आईआईटी विशेषज्ञों की भी सलाह लेंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की भूस्खलन की घटनाओं को रोकने में मदद मिल सके। टेक्लिकल कमेटी की सलाह पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फोरलेन को बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा कि नेशनल हाईवे व फोरलेन के किनारे भवन निर्माण नहीं होना चाहिए। ऐसा करना सुरक्षित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार की सलाह पर मनाली में ब्यास नदी के दोनों किनारों पर कंक्रीट की मजबूत दीवार बनाई जाएगी। इस पर तकनीकी कमेटी की रिपोर्ट पर काम किया जाएगा।

हिमाचल में 12,000 करोड़ से बन रहीं 68 टनल
केंद्र सरकार हिमाचल में 12,000 करोड़ खर्चकर 68 टनलों का निर्माण कर रही है। 11 टनल 15 किलोमीटर लंबाई की बन चुकी हैं। 27 टनल बन रही हैं। 30 सुरंगों का निर्माण होना है। गडकरी ने कहा कि मंडी-कुल्लू फोरलेन में अगर टनल न होती तो पूरा संपर्क ही कट जाता।
250 करोड़ रुपये का रोपवे 15 अगस्त से पहले
गडकरी ने कहा कि बिजली महादेव के लिए 250 करोड़ रुपये से रोपवे बनाया जाएगा। 15 अगस्त से पहले इसका कार्य अवार्ड करने की कोशिश की जाएगी।
दो सड़कों को भी मंजूरी
इसके साथ ही गडकरी ने हमीरपुर के रंगस सड़क को 50 करोड़ रुपये की मंजूरी दी। साथ ही शाहपुर-सिहुंता रोड के लिए 35 करोड़ रुपये मंजूर किए। कहा कि चंडीगढ़-मनाली फोरलेन का भी निरीक्षण किया और एक-दो महीने में इसका काम पूरा कर शुभारंभ करेंगे।

