हिमखबर डेस्क
पति-पत्नी में खटपट आम बात है। कहते हैं जहां पति-पत्नि के बीच हल्की नोकझोंक न हो, वहां प्यार कम होता है। ऐसे में खुशहाल जीवन के लिए हल्की नोक-झोंक होना भी जरूरी है, लेकिन कई बार यह नोक-झोंक एक बड़े झगड़े में तबदील हो जाती है और रिश्ते टूटने की कगार पर पहुंच जाते हैं। घर बिखर जाता है।
अगर आपकी लाइफ में भी कुछ ऐसा चल रहा है या वैवाहिक जीवन में बाधाएं आ रही हैं, तो हिमाचल में एक ऐसा मंदिर है, जहां आशीर्वाद लेने से सब कुछ सही हो जाता है।
मंडी जिला के नाचन विधानसभा क्षेत्र की बैला पंचायत के वन्यूर गांव स्थित प्राचीन बाला कामेश्वर मंदिर वैवाहिक जीवन में आने वाली बाधाओं के समाधान के लिए श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र बना हुआ है।
मंदिर के पुजारी डोलाराम के अनुसार, कुंडली दोष, गुणों का कम मिलान या मांगलिक दोष होने पर भी युवक-युवतियां यहां आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। लोकमान्यता है कि देवता की कृपा से वैवाहिक बाधाएं दूर होती हैं और सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद मिलता है।
धार्मिक परंपरा के अनुसार बाला कामेश्वर को कमरुदेव का ज्येष्ठ पुत्र माना जाता है। नवविवाहित जोड़ों को मांस, मदिरा, धूम्रपान और अन्य नशों से दूर रहने का संकल्प भी दिलाया जाता है।
संस्कृति मर्मज्ञ डाक्टर जगदीश शर्मा के अनुसार मंदिर और समीप स्थित कोठी भवन हिमाचल की प्राचीन स्थापत्य कला के उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जिनका निर्माण बिना सीमेंट के पारंपरिक सामग्री से किया गया है। जीर्णोद्धार के दौरान मिली एक प्राचीन पांडुलिपि आज भी शोध का विषय बनी हुई है।

