
हमीरपुर – अनिल कपलेश
हिमाचल प्रदेश के भोरंज विधानसभा क्षेत्र में सीएम जयराम ठाकुर ने संबोधन को तैयार थे, इससे पहले की वह अपना भाषण शुरू करते अचानक मंच से नीचे उतरे और पैरालिसिस के मरीज प्रीतम चंद और उनके परिवार से मिले.
कंज्यान में यह जनसभा चल रही थी. दरअसल, हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के नाहलवीं गांव के प्रीतम चंद पिछले 15 साल से पैरालिसिस के कारण बेड पर पड़े हुए हैं.
जब कहीं भी सुनवाई नहीं हुई तो प्रीतम चंद की पत्नी लीला देवी मरीज पति को लेकर सीएम जयराम ठाकुर की जनसभा में पहुंच गई.
यहां पर सभा स्थल में जब बीमार प्रीतम चंद को अधिक धूप के कारण परेशानी हुई तो उन्हें एक तरफ बुलाया गया और जमीन पर ही लेटा कर पानी पिलाया गया.
सीएम जयराम ठाकुर ने जब यह दृश्य मंच से देखा तो वह संबोधन से पहले मंच से उतरे और परिवार की समस्या सुनी. उन्होंने मौके पर ही परिवार को एक लाख रुपये की मदद देने की बात कही तथा अधिकारियों को बीमार प्रीतम चंद को अस्पताल पहुंचाने के लिए तुरंत एंबुलेंस लाने के भी निर्देश दिए. जनसभा से बीमार प्रीतम चंद को सीधा अस्पताल एंबुलेंस से ले जाया गया.
प्रीतम चंद की पत्नी लीला देवी ने बताया कि उन्होंने हर जगह मदद के लिए गुहार लगाई, लेकिन उनकी एक न सुनी गई स्थानीय विधायक को भी अवगत करवाया गया, लेकिन उन्होंने भी मदद नहीं की.
आज सीएम जयराम ठाकुर की भोरंज में जनसभा थी इस दौरान वे अपने पति को लेकर रैली में पहुँची और सीएम जयराम ठाकुर को अपनी व्यथा बताई.
सीएम जयराम ठाकुर ने उन्हें एक लाख देने की मदद की बात कही है. इसके लिए वह सीएम जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त करती हैं.
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि एक पैरालाइसिस के मरीज को परिजन जनसभा में लाए थे. सहारा योजना से उन्हें हर माह 3 हजार रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी.
सीएम ने मरीज के परिजनों को एक लाख रुपये देने की भी बात कही. वहीं सीएम जयराम ठाकुर ने प्रशासन को आदेश दिए कि प्रीतम चंद के परिजनों एक सदस्य को आउट सोर्स के आधार पर कहीं नौकरी पर रखा जाए, ताकि उनकी आर्थिकी की सुदृढ़ हो सके.
