
कुल्लू – आदित्य
सरकार की अनेक योजनाएं युवाओं को स्वरोजगार प्रदान करने में कारगर साबित हो रही हैं। इसके लिए युवाओं को योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए।
यह बात उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम की ओर से कुल्लू के देवसदन में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए कही।
कार्यशाला में कौशल विकास निगम तथा आइटीआइ के अनेक पाठ्यक्रमों के प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। प्रशिक्षुओं ने अपने अनुभव भी साझा किए। युवाओं ने कहा कि ड्रोन नीति के तहत युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करना चाहिए। ड्रोन नीति लाभकारी सिद्ध हो सकती है।
आशुतोष गर्ग ने कहा कि जिला में रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिग, स्कीइंग जैसी साहसिक खेलों की व्यापक संभावनाएं हैं। मनाली में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान मौजूद है। संस्थान के साथ कौशल विकास निगम ने कुछ प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए समझौता ज्ञापन किया है।
यहां आयोजित करवाए जाने वाले कोर्स युवाओं को स्वरोजगार प्रदान कर रहे हैं। उद्यम स्थापित करने के लिए सरकार अनेक योजनाओं के तहत ऋण प्रदान कर रही है और 15 से लेकर 35 फीसद अनुदान भी दिया जा रहा है। युवाओं को ऐसी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।
सरकार की इन योजनाओं की जानकारी के लिए विभिन्न विभागों द्वारा समय-समय पर जागरूकता शिविरों का आयोजन करने चाहिए। जानकारी के अभाव में ऐसी योजनाओं का लाभ युवा नहीं उठा पाते हैं। भवन निर्माण में पारंपरिक वास्तु अथवा काठकुणी शैली को अपनाया जाना चाहिए।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रशांत सरकैक ने भी कार्यशाला में आए हितधारकों के साथ अनेक विषयों पर बात की तथा स्वरोजगार से जुडे़ अनेक प्रशिक्षण कोर्स पर उनके सुझाव आमंत्रित किए। आज बुनकरों की कमी स्पष्ट दिखाई देती है।
अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान के संयुक्त निदेशक रमन घरसंगी ने संस्थान की गतिविधियों के बारे में चर्चा की। कौशल विकास निगम के जिला समन्वयक सुनील कुमार ने निगम के माध्यम से करवाए जा रहे विभिन्न प्रशिक्षण कोर्सों के बारे में जानकारी सांझा की।
खादी एवं ग्रामोद्योग के प्रभारी विवेक शर्मा, भुट्टिको वीवर्ज सोसायटी से विशेष आमंत्रित प्रेमलता ठाकुर तथा महाप्रबंधक रमेश ठाकुर ने बुनकर क्षेत्र में रोजगार के बारे में जानकारी साझा की।
