हिमखबर डेस्क
देश के विभिन्न हिस्सों में रेल पटरियों पर अवरोध रखने की घटनाएं बदस्तूर जारी हैं और इसी कड़ी में जयनगर बिहार से नई दिल्ली जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस गाजीपुर जिला में रेल पटरी पर रखे लकड़ी के गुटके से टकरा गई, जिससे ट्रेन का इंजन फेल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि तडक़े करीब 3 बजे ट्रेन गाजीपुर घाट स्टेशन से गाजीपुर सिटी स्टेशन के मध्य आलम पट्टी इलाके के पास पहुंची थी। तभी ड्राइवर को रेल पटरी के बीच लकड़ी का एक बड़ा टुकड़ा देखा, जिसके पास ड्राइवर के द्वारा इमरजेंसी ब्रेक लगाई गई फिर भी ट्रेन उसे लकड़ी के साथ घसीटते हुए करीब 400 मीटर आगे जाकर रुकी। ड्राइवर ने नीचे उतर कर देखा तो करीब 2 फुट से भी ज्यादा लंबा का एक बड़ा टुकड़ा था।
इसके बाद रेलवे ड्राइवर ने इसकी जानकारी रेल पथ निरीक्षक और आरपीएफ के साथ ही गाजीपुर सिटी स्टेशन प्रशासन को दी। तत्काल पूरा रेलवे महकमा घटनास्थल पर पहुंचा और उसके बाद जब ड्राइवर ने ट्रेन को आगे बढ़ाने के लिए जब चेक किया, तब पता चला कि इंजन का हौज पाइप कट गया है, जिससे ट्रेन आगे बढ़ाने में दिक्कत हुई।

उसके पश्चात औडि़हार से एक दूसरा इंजन मंगवाकर करीब दो घंटे बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। इस मामले में गाजीपुर सिटी के रेल पथ निरीक्षक विभाग के जेई निशांत कुमार सिंह के द्वारा सदर कोतवाली में तहरीर दी गई है। तहरीर में बताया गया है कि गाड़ी संख्या 12561 अप स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस गाजीपुर घाट स्टेशन से गाजीपुर सिटी स्टेशन के लिए आ रही थी कि जमानिया रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे किलोमीटर संख्या 126 /31 के मध्य गाड़ी के चालक द्वारा रेलवे रनिंग रेल लाइन के मध्य एक लकड़ी का टुकड़ा खड़े अवस्था में देख कर इमरजेंसी ब्रेक लगाने के बाद भी उक्त लकड़ी के टुकड़ा इंजन में फंसकर रगड़ते हुए करीब 400 मीटर आगे तक चले गया।
इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने इस मामले में धारा 125 /285 बीएनएस व 150 /153 रेलवे एक्ट 1989 बनाम अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इस संबंध में आज क्षेत्राधिकार नगर और एसपी सिटी के साथी भारी पुलिस फोर्स ने घटनास्थल पर जाकर मौका मुआयना किया।
वहीं एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद ने इस मामले में बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और इस मामले में जो भी आरोपी होगा उसे जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

