
कांगड़ा – राजीव जस्वाल
मटौर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर रसूह नाले में मिले कांगड़ा के इलेक्ट्रिकल व्यापारी की मौत सिर पर चोट लगने से हुई थी, जबकि शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के निशान भी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर पर गहरी चोट लगना बताया गया है।
वहीं दूसरी ओर मृतक राजीव वर्मा के स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है। स्वजन ने पुलिस अधीक्षक कांगड़ा से मुलाकात की और शिकायत पत्र भी दिया। राजीव वर्मा की पत्नी अमनीश वर्मा व उनके स्वजन ने एक व्यक्ति पर हत्या की आशंका जताई है।
अमनीश ने बताया कि राजीव वर्मा की मौत वाले दिन एक व्यक्ति से रुपये के लेन देन को लेकर बहसबाजी हो रही थी। वह व्यक्ति पंजाब के सिरहंद का रहने वाला है। जब राजीव वर्मा का शव मिला तो पैरों में जूते नहीं थे और ऐसे में यह कैसे हो सकता जब वह नीचे गिरा तो जूते अपने आप खुल गए।
आशंका है कि राजीव वर्मा की किसी के साथ हाथापाई हुई है। उनके पति चंड़ीगढ़ में उसी व्यक्ति से रुपये लेने जा रहे थे। कांगड़ा से वह चंडीगढ़ के लिए निकले परंतु रास्ते में क्यों उतर गए और रसूह चौक में स्थित ढाबे में क्यों गए, यह रहस्य है।
क्या कहते हैं अधिकारी
पुलिस अधीक्षक कांगड़ा राजीव वर्मा की मौत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है, जिसमें मौत का कारण हेड इंजरी बताया गया है। पुलिस ने अभी इस मामले की जांच पूरी नहीं की है और पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
राजीव के स्वजन उनके पास आए थे और उनकी ओर से शिकायत पत्र दिया गया है। राजीव के स्वजन ने जिन लोगों पर हत्या की आशंका जताई है उन्हें भी इस मामले में बुलाया जाएगा और उनके बयान लिए जाएंंगे।
