
कोटला- स्वयंम
भटियात के लोकप्रिय विधायक एवं मुख्य सचेतक हिमाचल प्रदेश विक्रम जरियाल को जोलना गांव में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने फूल- मालाओं व ढोल – ढमाकों के साथ विधायक का जोरदार स्वागत किया । जिला चंबा और जिला कांगड़ा को जोड़ने वाली पंचायत जोलना के राजकीय हाई स्कूल जोलना में दो कमरों का उद्घाटन करने के बाद विधायक विक्रम जरियाल ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचा रही है।
सरकार ने प्रत्येक नागरिकों को बैंकों के साथ जोड़कर योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया है। उन्होंने निर्देश दिए कि भवन और निर्माण कार्य में लगे मजदूर वर्ग, प्रवासी मजदूर, बुनकर, मछुआरे, पशुपालक, पैकिंग, आशा वर्कर, आंगनवाड़ी वर्कर सहित असंगठित कामगारों का ई – श्रम पोर्टल पर 31 दिसंबर 2021 तक अपना पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करने के लिए अपने कार्य क्षेत्र में जाकर कामगारों को प्रेरित करें ताकि अधिक से अधिक लोग सरकार की योजनाओं का लाभ पा सके।
उन्होंने कहा कि लोकमित्र केंद्रों के माध्यम व स्वयं भी ई – श्रम पोर्टल पर असंगठित कामगारों को अपना पंजीकरण करवाने की सुविधा दी गई है। जिसके उपरांत विभाग द्वारा कार्ड जारी किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न विभागों से संबंधित अधिकतर सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है। ताकि संबंधित समस्याओं के निदान के साथ-साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित विभागों के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याण योजनाओं बारे जिला परिषद को विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए ताकि लोगों को उनका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मोरठू से बडेड गांव तक सड़क का कार्य मार्च तक पूरा हो जाएगा । उसके बाद उन्होंने जनता की समस्याएं सुनी और मौके पर ही निपटारा किया। और स्थानीय लोगों की मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर विकास खंड अधिकारी बशीर खान, भाजपा प्रदेश ओबीसी उपाध्यक्ष एवं भाजपा ओबीसी जिला चंबा प्रभारी योगराज मेहरा , मुस्लिम राष्ट्रीय मंच संयोजक केडी हिमाचली , ब्लॉक समिति सदस्य सतपाल, पंचायत प्रधान मुन्नी, उप प्रधान चूड़ सिंह, पूर्व पंचायत प्रधान पवना देवी, सरनदास , हंसराज, प्रीतम, नरेंद्र शर्मा, भाइयों आदि भारी संख्या में लोग मौजूद थे।
