
देहरा – शिव गुलेरिया
हिमाचल प्रदेश कॉंग्रेस कमेटी के सचिव राजिन्दर शर्मा ने जारी प्रेस वार्ता में कहा कि हिमाचल प्रदेश भाजपा सरकार के कैबिनेट मंत्री द्वारा जसवां परागपुर विधानसभा में पड़ते सँसारपुर टेरेस में पिछले 8 महीने से एक नाममात्र बस डिपो खोल रखा है।
जिसमें स्टाफ के नाम पर एक क्षेत्रीय प्रबन्धक व एक क्लर्क बिठा रखा है, न तो उक्त डिपो में नियम अनुसार उचित स्टाफ व न ही कोई वर्कशॉप है । इस अवसर पर राजेन्द्र शर्मा ने यह भी बताया कि उक्त डिपो को दिए गए 16 बस रूट को दूसरे डिपो से शिफ्ट करके दिए गए हैं ।
शर्मा ने कहा कि जब लोगों की मांग अनुसार अन्य बस रूटों के बारे में उक्त डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हमारे पास न तो प्रॉपर स्टाफ है और न ही कोई बसों की मुरम्मत हेतु को वर्कशॉप है और उक्त डिपो को देहरा बस डिपो द्वारा चलाया जा रहा है ।
ये सीधे भाजपा सरकार द्वारा उक्त विधानसभा क्षेत्र के लोगों के साथ वोटिंग स्टंट वाला खेल खेला जा रहा है। जिसको विधानसभा की जनता भली भांति जान गई है । शर्मा ने कहा कि सुबह 7 बजे के बाद संसार पुर टेरेस से चिंतपूर्णी हेतु साढ़े आठ बजे तक कोई भी बस सेवा नहीं है।
जिससे स्थानीय ग्रामीणों के स्कूल व कॉलिज के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है अतः उक्त डिपो का कोई योगदान नहीं है। पठानकोट से दियोटसिद्ध की बस सेवा पिछले डेढ़ महीने से बंद पड़ी हुई है जोकि प्रदेश की भाजपा डबल इंजन सरकार की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह खड़े करती है ।
राजिंदर शर्मा ने कहा कि टेरेस से तलवाड़ा मात्र 3 किलोमीटर होने की वजह से इंटरस्टेट के कारण हिमाचल पथ परिवहन द्वारा प्रदेश की महिलाओं को दी जा रही रियासत से भी हाथ धोना पड़ रहा है ।
इसलिए हिमाचल की भाजपा डबल इंजन सरकार व उक्त विधानसभा के कैबिनेट मंत्री महोदय को इस तरह के चुनावी राजनीति को छोड़ कर लोकहित में काम करना चाहिए नहीं तो लोगों में बढ़ रहे भारी आक्रोश को आने वाले हिमाचल विधानसभा के चुनावों में भारी पराजय के रूप में प्रदेश की भाजपा सरकार देखना पड़ेगा ।
