
बिलासपुर – सुभाष चंदेल
मां श्रीनयनादेवी में माथा टेककर घर वापस लौट रहे एक श्रद्धालु को अज्ञात पिकअप ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में श्रद्धालु काफी गंभीर हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वह घाव का ताव न सह पाया और उसकी मौत हो गई।
पंजाब के जिला पटियाला के खड़ोली निवासी जसवीर सिंह ने बताया कि वह अपने पिता बहादुर सिंह के साथ माता श्रीनयनादेवी जी के दर्शन के लिए गया था। माथा टेकने के पश्चात वह व अपने पिता के साथ पैदल ही आनंदपुर साहिब के लिए चल पड़ा।
जब वह कोलांवाला टोबा से थोड़ा ऊपर सड़क पर पहुंचे तो श्रीनयनादेवी की तरफ से एक पिकअप तेज रफ्तार से आई और उसके पिता बहादुर सिंह को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
इसके बाद घायल बहादुर सिंह को एक गाड़ी में आनंदपुर साहिब अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डाक्टर ने चेक करने के बाद उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन वह सिविल अस्पताल रोपड़ ले गए जहां पर डाक्टर ने बहादुर सिंह को मृत घोषित कर दिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी राजकुमार ने की है।
