हिमखबर डेस्क
रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड द्वारा मशीन ऑपरेटर और अप्रेंटिस (पुरुष एवं महिला) के कुल 1000 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए क्षेत्रीय रोजगार कार्यालयों के माध्यम से कैंपस साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं और आईटीआई (फिटर, कोपा, सिलाई टेक्नोलॉजी) निर्धारित की गई है। 18 से 27 वर्ष की आयु वर्ग के इच्छुक युवा इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 13,500 रुपये वेतन प्रदान किया जाएगा।

- उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न स्थानों पर साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
- 08 अप्रैल को उप-रोजगार कार्यालय देहरा,
- 09 अप्रैल को उप-रोजगार कार्यालय नगरोटा बगवां
- और 10 अप्रैल 2026 को क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय पालमपुर में सुबह 10 बजे से साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू होगी।
अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, सभी शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, बायोडाटा की कॉपी तथा यदि उपलब्ध हो तो अनुभव प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य भत्ता प्रदान नहीं किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करें और अपने भविष्य को सुरक्षित बनाएं। यह पहल प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

