
हमीरपुर- अनिल कपलेश
श्रम मंत्रालय द्वारा कामगारों के बनाए जा रहे ई श्रम कार्ड के मनमाने दाम वसूलने की भ्रामक खबरों का आज प्रेस नोट के माध्यम से लोक मित्र केंद्र संचालक महासंघ ने खंडन किया है।
आज मीडिया को जारी प्रेस नोट में लोक मित्र केंद्र संचालक महासंघ के प्रदेश सचिव शशि पाल और प्रदेश अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने कहा है कि लोक मित्र केंद्र संचालकों को बेवजह बदनाम किया जा रहा है जबकि सच्चाई इससे कोसों दूर है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि लोक मित्र केंद्र पर लोगों का ई श्रम कार्ड का पंजीकरण मुफ्त में किया जाता है और यदि कोई कामगार कार्ड बनाना चाहता है तो उसे कार्ड बनाकर और उसे लेमिनेशन कर दिया जाता है।
संचालक उसकी फीस ₹50 रुपये लेता है जबकि बाहर खुले में कंप्यूटर कैफे पर लोगों को लूटा जा रहा है और उसका ठीकरा भी लोकमित्र केंद्र संचालकों के सर फोड़ा जा रहा है जबकि इस मामले पर सरकार व श्रम मंत्रालय को चाहिए कि वह खुले में इस तरह के सरकारी दस्तावेज बनाने को बंद करें और यदि लोकमित्र केंद्रों में ही यह सुविधा उपलब्ध होगी तो लोगों को भी बाहर इस तरह के लूट तंत्र से बचाया जा सकता है।
लोक मित्र केंद्र संचालक महासंघ ने इन सभी तरह की भ्रामक खबरों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की भ्रामक खबरों से लोक मित्र केंद्र संचालकों को बदनाम किया जा रहा है। जबकि लोक मित्र केंद्र संचालक पूरी सक्रियता व पारदर्शिता के साथ सभी गांवों में लोगों को सरकारी सुविधाएं उनके घर द्वार मुहैया करवा रहे हैं।
शशि पाल व प्रदेशाध्यक्ष रमेश ठाकुर ने कहा कि इस तरह की भ्रामक खबरों से मीडिया को भी बचना चाहिए। धरातल की सच्चाई पता करने के उपरांत की खबरों को प्रकाशित किया जाना चाहिए ।
इस मामले पर कॉमन सर्विस सेंटर लोक मित्र केंद्र हमीरपुर के प्रबंधक रोहित खत्री, महेंद्र कुमार ने बताया कि लोक मित्र केंद्र सीएससी पर लोगों का पंजीकरण मुफ्त में किया जा रहा है। कार्ड बनाने या उसे लेमिनेशन करने की राशि लोक मित्र केंद्र संचालक ले रहे हैं। ई श्रम कार्ड का पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क किया जा रहा है और सरकारी नियमों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है।
