
मंडी – व्यूरो रिपोर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश से पांच साल और मांगे हैं। सुंदरनगर में चुनावी जनसभा को संबोधिक करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं दिल्ली में हिमाचल का बेटा बन कर बैठा हूं और हिमाचल की सेवा करना चाहता हूं। इसलिए मुझे सेवा करने के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता पांच साल का मौका और दें।
उन्होंने कहा कि मैं धरती पुत्र के नाते यह वादा करता हूं कि आपके लिए जितना कर सकता हूं, करूंगा, कभी पीछे नहीं हटूंगा, लेकिन अगर हिमाचल ने अगर ऐसे लोगों का बिठा दिया जो कि आगे ही न बढऩे दें, तो हिमाचल प्रदेश के काम नहीं हो सकेंगे।
चाहे मैं दिल्ली से कितना ही जोर क्यों न लगा लूं, कोई काम नहीं हो सकेगा। इसलिए हिमाचल प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाना जरूरी है, ताकि मैं दिल्ली से हिमाचल की सेवा अच्छी तरह से कर सकंू। नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस बार हिमाचल का चुनाव खास है।
इस बार आपका वोट सिर्फ पांच साल के लिए नहीं है, बल्कि यह वोट हिमाचल के 25 वर्षों की विकास यात्रा को तय करेगा। अगले 25 साल का यह खंड बहुत महत्वपूर्ण है और हिमाचल ने विकास पथ पर कहां पहुंचना है, यह 12 दिसंबर का वोट तय करेगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में तेज विकास और स्थिर सरकार जरुरी है।मुझे इस बात की खुशी है कि हिमाचल की जनता इस बात को समझती है। मोदी ने कहा कि भाजपा का मतलब स्थिरता, विकास, समभाव, नीतियों में स्थायी भाव और भाजपा का मतलब विकास को सर्वोच्च प्रथमिकता है।
इसलिए जनता इस चुनाव में भाजपा की जोरदार वापसी को ठान चुकी है। वीरमाता और सैनिकों की इस धरती ने इस बार संकल्प ले लिया है।
कांग्रेस ने हमेशा रोका हिमाचल का विकास
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों देश में शासन किया है। हिमाचल में भी कांग्रेस दशकों शासन करती रही। कांग्रेस के लिए सत्ता राजपाठ चलाने जैसा है। कांग्रेस ने हमेशा लटकाओ, भटकाओ, रोको और तरसाओ की रीति व नीति अपनाई रखी है।
कांग्रेस ने मोदी ने कहा कि 2014 में जब मैं दिल्ली में बैठा तो हिमाचल प्रदेश का विकास करना चाहता था। कांग्रेस ने हमेशा यही सोचा है कि 4 सांसद आते हैं। उससे राष्ट्रीय राजनिति को क्या फर्क पड़ता है। उन्होंने कभी हिमाचल के विकास को प्रथमिकता नहीं दी। इसलिए हिमाचल पीछे चला गया।
बीच-बीच में भाजपा की सरकारें आईं, तो कुछ विकास हुआ। याद रखिए जब हिमाचल ओर दिल्ली में भाजपा सरकारें थी तो हिमाचल का विकास हुआ, लेकिन जब सरकार हिमाचल में सरकार बदली तो सारा विकास ठप्प कर दिया।
रक्षा क्षेत्र में कांग्रेस नेताओं ने खाई दलाली
नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने पहला घोटाला रक्षा क्षेत्र में किया था। कांग्रेस ने कभी देश को सैन्य सामान में आत्म निर्भर नहीं होने दिया, ताकि कांग्रेस नेताओं को दूसरे देशों से हथियार खरीद में दलाली मिलती रही। जब तक केंद्र में कांग्रेस सरकारें रहीं, कांग्रेस नेताओं ने हथियारों की खरीद में हजारों करोड़ों की दलाली खाई।
हथियार खरीदने में हमेशा देरी की गई। मोदी ने कहा कि इसका सबसे बड़ा नुकसान हिमाचल की माताओं, बहनों, बच्चों और महिलाओं को हुआ है, लेकिन मोदी ऐसा नहीं होने देगा। कांग्रेस ने हथियारों की खरीद में दलाई खाकर हजारों जिंदगियों से खिलबाड़ किया है। इसलिए भारत रक्षा क्षेत्र में आत्म निर्भर बन रहा है। अपने हथियार खुद बना रहा है।
2014 से 2017 तक बनाए सिर्फ 15 घर
मोदी ने कहा 2014 से 2017 तक हिमाचल सरकार ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में मात्र 15 घर बनाएं, जबकि दिल्ली से करोड़ों रुपए भेजे गए, लेकिन जैसे ही डबल इंजन की सरकार आई, तो इसी योजना में 10 हजार घरों का काम शुरू किया और आठ हजार घरों का निर्माण पूरा भी हो गया।
मोदी ने कहा कि 2017 के बाद हिमाचल के विकास ने जोर पकड़ा है। अगर 2017 में भी कांग्रेस सरकार आती तो हिमाचल का क्या होता। उन्होंने कहा 2017 में भाजपा को मौका देकर प्रदेश की सेवा का मौका दिया था। अगर नहीं देते तो 9 लाख घरों में नल से जल नहीं पहुंचता। महिलाओं के घरों में उज्ज्वला योजना के सिलेंडर नहीं पहुंचता। अटल टनल का उद्घाटन नहीं होता।
कांग्रेस ने 2012 के वायदे नहीं किए पूरे
नरेंद्र मोदी ने कहा कि 50 साल से कांग्रेस गरीबी हटाओ का नारा देती आई है। हर चुनाव में नारा दिया और जीतते रहे, लेकिन गरीबी नहीं हटी। झूठे वादे और झूठी गारंटी देते रहे। किसानों के कर्जे माफ करने में भी उन्हें लूटा। चुनाव घोषणा पत्र के एक भी वादे पूरे नहीं किए।
हिमाचल में 2012 में कांग्रेस जिस घोषणा पत्र पर चुनाव जीती थी, उस चुनाव के एक भी वायदे को कांग्रेस ने 2017 तक पूरा नहीं किया। जबकि हमारी पहचान है कि जो हम कहते हैं, उसे करके दिखाते हैं और संकल्प लेते हैं। वादे पूरा करने को दिन रात भाजपा काम करती है।
भाजपा ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने का वादा किया था, हटाकर दिखाई। राम मंदिर बनाने का निर्णय पालमपुर में किया था ओर आज बना रहे हैं। वन रैंक, वन पेंशन का फायदा किया और पूर्व सैनिकों को देकर पूरा किया। कांग्रेस हर बार वन रैंक वन पेंशन पर झूठ बोल कर लूटती रही।
मैनें हिमाचल में आकर ये वायदा किया था और पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन देकर वादा पूरा किया। पूर्व सैनिकों को पेंशन के अलावा वन रैंक वन पैंशन में साठ हजार करोड़ रुपए सरकार ने दिए।
बार-बार डोज न बदले हिमाचल, पांच-पांच की बारी से हिमाचल का नुकसान
नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगर कोई बीमार हो तो बार-बार दवाई बदलने से ठीक नहीं होता है। एक दवाई की सही डोज लेने से बीमारी ठीक होती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने भी यही किया। यहां हर पांच साल बाद सरकार बदलती रही और इसलिए कभी हिमाचल की समस्याएं पूरी तरह से हल नहीं हो सकीं।
किसी ने कभी जिम्मेदारी ही नहीं ली। एक सरकार फिर से सत्ता में आएगी, तो उसकी जिम्मेदारी बनेगी। उसे जनता पूछ सकती है। जब फिर से मौका मिलेगा तो स्थायी सरकार और अधिक उत्साह से काम करेगी।
