
शिमला – जसपाल ठाकुर
लोक निर्माण विभाग में मल्टीटास्क वर्कर्ज की भर्ती को लेकर विवाद पनप उठा है। पांच हजार पदों के लिए बड़ी संख्या में महिलाओं ने आवेदन किए हैं और अब उन्हें पूर्व निर्धारित शारीरिक दक्षता परीक्षा से गुजरना पड़ रहा है। ऐसे में कांग्रेस ने पीडब्ल्यूडी की मल्टीटास्क भर्ती में महिलाओं से सीमेंट की 50 किलोग्राम की बोरी उठवाने का विरोध किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता किरण धांटा ने कहा कि मल्टीटास्क भर्ती के लिए महिलाओं से 50 किलो की सीमेंट की बोरी उठवाना उनकी क्षमताओं का अपमान है। प्रवक्ता का कहना है कि महिलाओं की शारीरिक क्षमताओं का आकलन इस प्रकार से नहीं किया जा सकता है।
गौरतलब है कि लोक निर्माण विभाग में मल्टीटास्क भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इस भर्ती में पांच हजार पदों को भरा जाना है। इन पदों के लिए महिलाओं ने भी प्रदेश भर से बड़ी संख्या में आवेदन दिए हैं।
इसमें 50 किलोग्राम की बोरी उठाकर दौड़ पूरी करने का लक्ष्य आवेदकों को दिया जा रहा है। इसमें पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए भर्ती के नियम एक समान ही निर्धारित किए गए हैं।
