
बिलासपुर – सुभाष चंदेल
गुरुद्वारा चौक बिलासपुर में शनिवार को जिला बिलासपुर युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष ठाकुर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार का पुतला फूंका।
इस मौके पर युकां कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान आशीष ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार पैट्रोल, डीजल व रसोई गैस की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि करती जा रही है, जिससे आम जनमानस में रोष की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
उन्होंने कहा कि देश कोरोना की चपेट से अभी बाहर नहीं आया है। केंद्र और प्रदेश सरकार को चाहिए था कि वे आम जनमानस को राहत प्रदान करतीं परन्तु यहां स्थिति बिल्कुल विपरीत बनी हुई है। जनता आज महंगाई की मार से परेशान हो गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता हथियाने के लिए आम जनता से वायदा किया था कि जैसे ही वो सत्ता में आएंगे महंगाई कम करेंगे और बेरोजगारी खत्म कर देंगे परंतु आज प्रदेश में 14 लाख से ज्यादा युवा बेरोजगार हैं। सरकार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है।
आशीष ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि इसके पास बेरोजगार युवाओं के लिए कोई नीति नही है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द महंगाई पर नियंत्रण किया जाए और बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के संसाधन तैयार किए जाएं। इस मौके पर कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
