
चम्बा- भूषण गुरुंग
जिले की जसौरगढ़ पंचायत आज तक सड़क से नहीं जुड़ पाई है। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि सलोह निवासी मंजूर मोहम्मद पुत्र राशिद मोहम्मद को टांडा अस्पताल से ऑपरेशन के बाद पांच किलोमीटर पैदल चलकर पालकी में उठाकर घर तक पहुंचाया गया।
कई बार ग्रामीण सरकार से गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक लोगों को सड़क सुविधा नहीं मिल पाई है। ग्रामीणों ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की है। इस वीडियो को देखकर लोग कई तरह के कमेंट कर विभाग की कार्य प्रणाली को कोस रहे हैं।
ग्रामीणों खोजू राम, याकूब मोहम्मद, चतर सिंह, रोशन लाल, लौकी नंद, मजीद खान, लालदीन आदि का कहना है कि गांव का सड़क सुविधा से न जुड़ना लोगों की दुश्वारियां बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क के अभाव में कई मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। विशेषकर स्कूली बच्चों को ज्यादा परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पंचायत प्रतिनिधियों, चुराह प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की गई लेकिन सड़क निर्माण तो दूर की बात, आज तक सर्वे तक नहीं हो पाया है। कहा कि सड़क बनने से जसौरगढ़ पंचायत के सलोह, नगाली, उतरोगा और भावला पंचायत के साथ लगते गांवों डांड और खंडयारू की 2,500 आबादी को लाभ मिलेगा।
जिला परिषद सदस्य अंजू देवी का कहना है कि सलोह गांव के लिए सड़क के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करके विभाग को भेज दिया गया है। विभाग की ओर से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद युद्धस्तर पर निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
क्या कहते है अधिकारी
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि पंचायत की ओर से उन्हें प्रस्ताव मिलता है तो उस पर नियमानुसार कार्य किया जाएगा।
