
भटियात- अनिल समबयाल
जिला चंबा का 24वां जनमंच कार्यक्रम रविवार को भटियात हल्के की सुदली पंचायत घर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी ने की। जनमंच कार्यक्रम में लोगों द्वारा 92 समस्याओं और मांगों को प्रस्तुत किया गया। इसमें अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने एक बूटा बेटी के नाम योजना के तहत बेटी अदविका के नाम से आंवला का पौधा भी रोपित किया। उन्होंने कहा कि जनमंच सरकार द्वारा शुरू किया गया ऐसा कार्यक्रम है, जिसके जरिए लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान घरद्वार पर संभव होता है।
उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ की गई विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि महत्त्वाकांक्षी मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत सेचुरेशन हासिल की गई है। इसी तरह हिम केयर योजना भी लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रही है।
जिला में कोरोना वैक्सीन की दूसरे डोज के शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने में प्रशासन द्वारा पंचायती राज संस्थाओं को प्रोत्साहित करने की पहल की तारीफ करते हुए प्रतिनिधियों से लोगों में कोरोना वैक्सीन के प्रति जागरूकता लाने का आह्वान भी किया।
उन्होंने कार्यक्रम के दौरान अपंगता प्रमाण पत्र एवं स्वास्थ्य से संबंधित आवेदनों के दृष्टिगत जिला प्रशासन को इस संदर्भ में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए स्वास्थ्य विभाग व महिला एवं बाल विकास से तय समय सीमा के भीतर जानकारी जुटाने, कारणों की जांच एवं की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा विकलांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए शिविर का आयोजन भी किया गया।
इसमें दस लोगों के मौके पर दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए, जबकि 74 लोगों की स्वास्थ्य जांच और नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गई। कार्यक्रम में सात लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई, जबकि छह जन्म प्रमाण पत्र बनाए गए और 22 राजस्व इंतकाल भी दर्ज किए गए।
कार्यक्रम में 20 पात्र लोगों को विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत चयनित किया गया, जबकि 20 लोगों के आधार कार्ड भी बनाए गए इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने जनमंच कार्यक्रम के लिए चयनित ग्राम पंचायतों में शेष 12 पात्र लाभार्थियों को गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन वितरित करने के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कार्यान्वित बेटी है अनमोल योजना के तहत 13 एफडीआर भी वितरित की।
इस दौरान मतदाता सूची को विशेष संक्षिप्त पुनर्निरीक्षण के लिए रखने के साथ सूची में संशोधन और भावी मतदाताओं को पंजीकरण के लिए जागरूक भी किया गया । इस दौरान विधानसभा में मुख्य सचेतक विक्रम सिंह जरयाल ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री का स्वागत किया और विधानसभा क्षेत्र भटियात में की जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का ब्यौरा भी रखा।
इससे पहले एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर ने प्री-जनमंच अवधि के दौरान किए गए कार्यों की जानकारी भी प्रदान की।
ये-ये रहे कार्यक्रम में मौजूद
इस मौके पर उपायुक्त डीसी राणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस अरुल कुमार, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा, सहायक आयुक्त राम प्रसाद, एसडीएम भटियात बच्चन सिंह, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण दिवाकर पठानिया, जल शक्ति रणजीत चौधरी व अधीक्षण अभियंता विद्युत राजीव ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
