हिमखबर डेस्क
कहते हैं मंजिल उसी को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के रहने वाले हवलदार विशाल ठाकुर ने हौसलों की इसी उड़ान से अपने सपने को साकार करने का दम दिखाया है। अपनी इस उड़ान से विशाल ठाकुर न केवल बरोजगार दिलों में एक छाप छोड़ी है, बल्कि हिमाचल वासियों के लिए एक मिसाल भी बन गए हैं।
मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल की बहरी ग्राम पंचायत के विशाल ठाकुर ने एक-दो नहीं बल्कि एक साथ चार-चार परीक्षाएं पास की हैं। वर्तमान में विशाल ठाकुर केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर उत्पादन एवं सीमा शुल्क विभाग में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं।
इस सर्विस के दौरान उन्होंने अपने जीवन में कुछ और बड़ा करने की ठानी और नौकरी के साथ-साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी। इस मेहनत का परिणाम जब सामने आया तो विशाल ठाकुर ने एक साथ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल उप निरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल उप निरीक्षक और भारतीय तटरक्षक रक्षा मंत्रालय में कनिष्ठ सचिवालय सहायक की परीक्षा को पास करते हुए अलग की कारनामा कर दिखाया।
वहीं, विशाल ठाकुर ने बताया कि इन परीक्षाओं को पास करने के बाद जब बेहतर का चुनाव करने का अवसर आया तो केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को अपनी नई सेवा के तौर पर चुना। अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में उप निरीक्षक/सब इंस्पेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हूं। मेरी इस उपलब्धि में मेरे परिवार वालों का अहम योगदान है। बिना उनके सपोर्ट के यह संभव नहीं हो सकता था।
विशाल ठाकुर की इस उपलब्धि से उनके पूरे गांव बहरी में खुशी का माहौल है। हर कोई विशाल की इस उपलब्धि के लिए उनकी सराहना कर रहा है। वहीं, परिजनों को भी खूब बधाइयां मिल रही हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विशाल एक उदाहरण बनकर उभरे हैं। नौकरी के साथ भी सपनों को साकार किया जा सकता है।

