
पालमपुर- बर्फू
भारतीय सेना की उच्च परंपराओं से अभिभूत तीसरी पीढ़ी ने भी सेना में पदार्पण किया है। पालमपुर के समीपवर्ती गांव बोदा की प्रियंका पटियाल का चयन भारतीय सेना में लैफ्टिनैंट के रूप में हुआ है। प्रियंका अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी की हैं जो सेना में सेवाएं देने जा रही हैं।
प्रियंका के दादा भाग सिंह पटियाल भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि पिता राजेंद्र सिंह पटियाल भी ऑनरेरी कैप्टन सेवानिवृत्त हुए हैं। भाई आदित्य पटियाल सेना में कार्यरत है। प्रियंका के नाना भी सेना की सिग्नल कोर से सेवानिवृत्त हुए और मामा भी सिग्नल कोर में नायब सूबेदार के पद पर सेवाएं दे चुके हैं।
ऐसे में परिवार के कई सदस्यों को भारतीय सेना की वर्दी में देखकर प्रियंका पटियाल के मन में भी सेना में जाने की इच्छा हुई तथा उन्होंने इसे अपने दृढ़ संकल्प से पूरा किया है।
प्रियंका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल से पूरी की तथा 10वीं बरेली से और जमा 2 कक्षा की पढ़ाई मामून स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल से पूरी की। इसके पश्चात प्रियंका ने चंडीगढ़ में सिविल इंजीनियरिंग में बीटैक किया जहां से उन्हें डायरैक्ट एंट्री मिली और बेंगलुरु से एसएससीबी करके 12 नवम्बर को ओटीए चेन्नई में शामिल हुईं।
20 नवम्बर को दीक्षांत समारोह के साथ ही प्रियंका ने विधिवत रूप से भारतीय सेना में लैफ्टिनैंट के पद पर सेवाएं देने की शपथ ग्रहण की। प्रियंका पटियाल की माता सुदेश पटियाल गृहिणी हैं। प्रियंका की दादी जमुना देवी और नानी कमला देवी ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
