हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में बेरोजगारी और मानसिक तनाव से परेशान एक युवक ने फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। यह घटना भराडू पंचायत में हुई। युवक बसेहड़ (स्पैडू) गांव का निवासी था।
बताया जा रहा है कि मृतक स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद लंबे समय से रोजगार की तलाश में था, लेकिन निराशा के चलते उसने यह कदम उठाया।
परिजनों का कहना है कि उनका बेटा रोजगार न मिलने से मानसिक रूप से परेशान रहता था। पुलिस और परिजनों के बयान के अनुसार गुरुवार सुबह अपने दैनिक कार्यों के बाद युवक अपने कमरे में था। माता-पिता अपने काम में व्यस्त थे।

इसी दौरान कमरे में फंदे पर लटके युवक को देखा। तुरंत उसे जोगिंद्रनगर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों की कोशिश के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। दोपहर में भराडू पंचायत में ही अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। इस घटना से जोगिंद्रनगर उपमंडल में मातम का माहौल है और माता-पिता स्तब्ध हैं।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार के बोल
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

