
हमीरपुर – अनिल कपलेश
बाहरी राज्यों से काम धंधे की आस में हिमाचल आने वाले प्रवासियों की संख्या में दिन दोगुनी रात चौगुनी बढ़ोतरी हो रही है | हिमाचल जैसे शांत राज्य में पहुंचकर उक्त प्रवासी लोग अपने आप को काफी सुरक्षित समझते हैं तथा यहाँ पर आकर होने वाली अच्छी खासी आमदनी भी इन्हें खूब रास आती है | इन प्रवासियों में ज्यादातर लोग बिहार ,उत्तर प्रदेश ,बंगाल,कश्मीर व नेपाल से आते हैं जो मनमाने दामों पर काम करके खूब चांदी कूट रहे हैं |
उपमंडल बड्सर के अनेक गाँवों व कस्बों में इन प्रवासी लोगों नें हज़ारों की तादात में डेरा जमाया हुआ है |इनकी तादात बढने के साथ ही इनके रहने का दायरा बाज़ारों से बढ़कर गाँवों तक पहुंच गया है |
बात सिर्फ काम धंधे तक ही सीमित हो तो किसी को कोई भी परेशानी नहीं होती लेकिन कई बार इनमें कुछ आपराधिक किस्म के लोग भी कामगारों के भेष में पहुंच जाते है जिन्हें पहचान पाना आसान नहीं होता है |
बताते चलें कि ग्रामीण इलाकों के भोले भाले लोगों से ये प्रवासी बहुत जल्दी घुल मिल जाते हैं जिसका फ़ायदा आपराधिक किस्म के लोग आसानी से उठा सकते हैं| इस विषय में बुद्धीजीवी वर्ग का कहना है कि हम लोगों को अपने बच्चों को स्कूल जाने या आस पास खेलने के लिए अकेले भेजने के लिए कभी भी सोचना नहीं पड़ता था लेकिन अब प्रवासियों की लगातार बढ़ती संख्या से बच्चों की सुरक्षा की चिंता सताने लगती है |
वहीं कई इलाकों में ये प्रवासी लोग एक ही कमरे में किराया बचाने के चक्कर में भारी संख्या में इकट्ठे रह रहे हैं जबकि इनकी शौच आदि की उचित व्यवस्थता ना होने के कारण गन्दगी की भरमार हो रही है जिससे स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ रही हैं |
इसके अलावा छोटे छोटे प्रवासी बच्चे भी दिहाड़ी मज़दूरी करते आम देखे जा सकते हैं l लोगों का कहना ये भी है कि प्रशाशन का सारा ध्यान केवल प्रवासियों के पंजीकरण तक ही सीमित है जबकि समस्याऐ इसके अलावा और भी हैं |
स्थानीय लोगों का प्रशाशन व पुलिस विभाग से आग्रह है कि समय रहते इस गम्भीर समस्या की तरफ ध्यान देकर इसका हल निकाला जाए |
एसडीएम बड़सर शशि पाल शर्मा का कहना है की पुलिस विभाग सभी प्रवासियों का पंजीकरण करता है l जहां तक बाल मज़दूरी की बात है तो सम्बंधित बीडी ओ व पंचायत को निर्देश दिए गये हैं कि वे अपने क्षेत्र में इसका ध्यान रखें l अगर फिर भी बाल मज़दूरी का कोई मामला आता है तो कार्यवाही की जाएगी l
एसएचओ बड़सर मस्त राम नायक के अनुसार प्रवासियों का पंजीकरण नियमित रूप से किया जाता है l आँकड़ों के मुताबिक़ इस समय अकेले बड़सर ठाना के अधीन 2710 प्रवासी पंजीकृत हैं l
