
बिलासपुर- सुभाष चंदेल
स्वारघाट में थापना गांव के पास चल रहे कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन कार्य में एक बार फिर गाबर कंपनी की लापरवाही सामने आई है। कंपनी द्वारा एक बार फिर भारी ब्लास्टिंग की गई है, जिसकी न तो ग्रामीणों को कोई सूचना दी गई और न ही प्रशासन या लोक निर्माण विभाग को सूचना दी गई।
ब्लास्टिंग के दौरान स्थानीय लोग निजी घासनियों में काम कर थे। इस दौरान ब्लास्टिंग से पत्थर लोगों के घरो के आंगन व छतों पर जाकर गिरे। कंपनी की लापरवाही के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने फोरलेन का निर्माण कार्य रुकवा दिया है और पुलिस व स्थानीय प्रशासन को सूचित किया गया।
मौके पर स्वारघाट पुलिस, नायब तहसीलदार जगदीश शर्मा और एसडीओ पीडब्ल्यूडी अच्छर सिंह चौहान मौके पर पहुंचे हैं। कंपनी के अधिकारियों और ग्रामीणों को पुलिस थाना स्वारघाट में बुलाया गया है।
