पालमपुर – बर्फू
देशभक्ति की मिसाल पेश करते हुए भवारना क्षेत्र के गांव आरठ निवासी सेना के जवान राइफलमैन अखिल राणा ने अपनी शादी के बीच भी ड्यूटी को प्राथमिकता दी। पाकिस्तान के साथ बढ़े तनाव के चलते सेना ने उन्हें 4 मई को तत्काल ड्यूटी पर बुलाया था। आदेश मिलते ही अखिल राणा ने ड्यूटी के लिए रवानगी की तैयारी भी कर ली थी लेकिन एन मौके पर सेना ने उन्हें शादी तक छुट्टी दे दी।
अखिल राणा की बरात वीरवार को निकली, जबकि 9 मई को घर में धाम का कार्यक्रम है। 4 मई को जब उन्हें ड्यूटी पर बुलाया गया तो पूरे परिवार में मायूसी छा गई। मगर सेना के समझदारी भरे फैसले से एक बार फिर घर में रौनक लौट आई। सेना ने आदेश दिए कि वह 10 मई को ड्यूटी पर वापस लौटें। अखिल राणा, जो 21 जैक रेजिमेंट जालंधर में बतौर राइफलमैन तैनात हैं, शादी समारोह के बाद अब 10 मई को वापस ड्यूटी पर लौटेंगे।
उनके पिता, सेवानिवृत्त ऑनरेरी कैप्टन नानक चंद ने कहा कि देश पहले है, बाकी काम बाद में चलते हैं। अगर देश के लिए कुछ त्यागना पड़े तो इससे बड़ी बात कोई नहीं हो सकती। नवविवाहित होने के बावजूद अखिल राणा के चेहरे पर ड्यूटी पर लौटने का कोई मलाल नहीं है। यह भावना बताती है कि हमारे सैनिक हर परिस्थिति में अपने कर्तव्य को सर्वोपरि मानते हैं।

