हिमखबर डेस्क
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की चंडीगढ़ स्थित विशेष अपराध शाखा ने वर्ष 2016 से लापता एक युवती, अन्नू कुमारी, की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। जांच एजेंसी ने अन्नू के बारे में सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 2 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव पट्टी कल्याणा की निवासी अन्नू कुमारी 8 अगस्त 2016 को संदिग्ध रूप से लापता हो गई थी। लापता होने के समय उसकी आयु 20 वर्ष और लंबाई लगभग 5 फुट 6 इंच थी।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए CBI की विशेष अपराध शाखा ने 25 मार्च 2025 को आधिकारिक तौर पर केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। CBI की ओर से हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को इस संबंध में एक पत्र प्रेषित किया गया है। इस पत्र की प्रतियां हमीरपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों (DC) को भी भेजी गई हैं, ताकि यदि युवती से संबंधित कोई भी सुराग हिमाचल में मिलता है, तो तुरंत सूचित किया जा सके।
वहीं, उसके बारे में जानकारी प्रदान करने के लिए सीबीआई के जांच अधिकारी के मोबाइल नंबर 98888-51676 पर या सीबीआई कार्यालय में या कार्यालय के दूरभाष नंबर 0172-2657285 पर संपर्क किया जा सकता है।

