
चम्बा – भूषण गुरुंग
चंबा की मणिमहेश यात्रा के दौरान पवित्र मणिमहेश कैलाश पर्वत पर चढऩे का दावा करने वाले एक युवक के वायरल वीडियो के बाद हिमाचल, पंजाब व जम्मू कश्मीर के शिव अनुयायियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। इन प्रदेशों के विभिन्न संगठनों ने वीडियो में कैलाश पर्वत पर चढऩे का दावा करने वाले युवक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धार्मिक भावनाओं को आहत करने का मामला दर्ज करने की मांग की है।
एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) भरमौर मंडल अध्यक्ष एवं अधिवक्ता करण शर्मा, इकाई अध्यक्ष विवेक चाढ़क व पंचायत समिति सदस्य भरमौर विक्रम कपूर ने इस संदर्भ में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर नरेंद्र चौहान को शिकायत पत्र सौंपकर जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
मणिमहेश ट्रस्ट डोडा ने की कार्रवाई की मांग
उधर, जम्मू कश्मीर के मणिमहेश ट्रस्ट डोडा के अध्यक्ष जगदीश ठाकुर ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार से मांग की है कि आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले उक्त व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने इस मामले में जल्द सकारात्मक कदम न उठाए तो हिंदू संगठनों को सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
गदियाली महक सांस्कृतिक मंच भरमौर ने भी मांगी कार्रवाई
कैलाश पर्वत पर चढऩे का दावा करने वाले झारखंड के युवक पर गदियाली महक सांस्कृतिक मंच भरमौर के अध्यक्ष सुरेंद्र पटियाल ने कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस मांग को लेकर अतिरिक्त दंडाधिकारी भरमौर को भी ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा कि उक्त युवक की ओर से इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल कर कैलाश पर्वत फतह करने का दावा किया जा रहा है, जो कि सरासर झूठ है साथ ही शिव भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ है। जिस झंडे के पास युवक पहुंचा है। यह स्थान धमघोड़ी के कमलकुंड के बीच एक रास्ता जाता है।
जहां से वह कुछ दूरी तक झंडा चढ़ा है और कैलाश पर्वत पर चढऩे का दावा कर हिंदू धर्म और शिव भक्तों की आस्था पर सीधा प्रहार कर रहा है। अगर यह युवक शिव भक्त होता तो जिस स्थान पर झंडा लगा हुआ है। उस स्थान पर जूते के साथ नहीं बैठता। जिस स्थान पर वह पहुंचा है वहां, हमारे शिवभूमि सेवादल के शिव भक्त हर वर्ष परिक्रमा के लिए जाते हैं जो कि कैलाश चोटी से बहुत ही नीचे है।
कैलाश चोटी पर आज तक कोई भी नहीं चढ़ सका है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उक्त व्यक्ति को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि दोबारा कोई भी व्यक्ति इस तरह की अफवाह फैलाकर शिव की आस्था के साथ खिलवाड़ न करे।
अगर इसके विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो हर कोई कैलाश पर्वत पर जाने की सोचेगा और यात्रा के दौरान एक नहीं कई अनहोनी हो सकती है। ऐसे में उन्होंने एसपी चंबा से भी मांग की है कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आगामी दिनों में कोई भी व्यक्ति इस तरह की अफवाह फैलाने का साहस न कर सके।
