पराला मंडी के सेब आढ़ती से 43.54 लाख की धोखाधड़ी, मामला दर्ज
शिमला – नितिश पठानियां
ठियोग की पराला मंडी के सेब आढ़ती से 43.54 लाख रुपए की धोखाधड़ी हुई है। आंध्र प्रदेश के कारोबारी ने इसे अंजाम दिया है। इस बारे में आढ़ती ने ठियोग थाना में मामला दर्ज करवाया है।
मामले के अनुसार ठियोग निवासी सुंदर सिंह ने शिकायत में कहा कि वह पराला फल मंडी में सुंदर फ्रूट कंपनी का मालिक है। वर्ष 2019 में आंध्र प्रदेश के विशाखापटनम से आनंद राव और शक्ति बाबू नाम के दो कारोबारी पराला मंडी आए। उन्होंने बताया कि सिरकाकुलम विशाखापट्टनम में वह बालाजी फ्रूट कंपनी के मालिक है।
उन्होंने पीड़ित आढ़ती से 7,394 सेब के बॉक्स खरीदे, जिनकी कुल कीमत 96,83,664 रुपए थी। इसमें से उन्होंने 64 लाख रुपए का भुगतान कर दिया, लेकिन बकाया राशि 32,83,664 लाख का भुगतान नहीं किया। वर्ष 2020 में शक्ति बाबू फिर से सेब खरीदने पराला मंडी आया।
पीड़ित ने उससे सेब की बकाया राशि का भुगतान करने के लिए कहा। इस पर उसने कहा कि वह उसे और सेब बेचे। बाद में वह एक साथ सारी राशि का भुगतान कर देा। इस बार उसने अपनी कंपनी का नाम लत्पागिरी फ्रूट विजयवाड़ा बताया। उसने 704 सेब की पेटियां खरीदी। इनकी कुल कीमत 13,32,648 रुपए थी। इसमें से उसने सिर्फ 2,62,000 रुपए का भुगतान किया, 10,70,648 रुपए की राशि फिर बकाया बच गई।
कुल मिलाकर दोनो वर्षों में पीड़ित की आरोपी के पास 43,54,312 राशि बकाया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी बकाया राशि का अभी तक भुगतान नहीं किया गया। आरोपी ने उसे गलत इरादे से प्रलोभन दिया। सेब खरीद के बाद बकाया राशि का भुगतान नहीं किया।
डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा के बोल
डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर ठियोग पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 318(4) औऱ 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

