परगोड़ का शहीद पंचतत्व में विलीन, राजकीय सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार, शहीद के शव से लिपट-लिपट कर रोए माता-पिता व पत्नी, बच्चे खामोशी से देखते रहे तिरंगे में लिपटे पिता का शव!
शाहपुर – अमित शर्मा
विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के अधीन पंचायत परगोड़ के शहीद विजय कुमार (41) पुत्र सागर सिंह बर्द्धन का शव उनके पैतृक घर पहुंचा तथा शव के पहुंचते ही हर तरफ चीखों-पुकार गूंज उठी।

हर किसी की आंख से अश्रुधारा बह उठी तथा हर किसी की आंख नम हो गई। ‘विजय कुमार अमर रहे’, ‘भारत माता की जय’ के उद्घोषों से गूंज उठा।
शहीद विजय कुमार की पत्नी सहित माता-पिता शव के साथ लिपट-लिपट कर रोए तथा उनको रोते-बिलखते देख हर किसी का दिल पसीज गया।

शहीद विजय कुमार की माता स्वर्णा देवी, पिता सागर सिंह व पत्नी सुलक्षणा व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल हुआ। रिश्तेदार परिजनों को ढांढस बंधवाते रहे।
शव के साथ आई आर्मी की टुकड़ी व पुलिस जवानों ने हवाई फायर दागकर शहीद को राजकीय सम्मान दिया। जिलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल ने पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी।
शहीद की बेटी कुमकुम ने शहीद के शव को मुखाग्नि दी ।वहीं विधायक शाहपुर केवल पठानिया ने घर शोक प्रकट किया।

ये रहे उपस्थित
इस मौके पर जिलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल, एडिशनल एसपी हितेश लखनपाल, एसडीएम कांगड़ा सौमिल गौतम, नायब तहसीलदार हारचक्कियां डीसी राणा,ब्लॉक अध्यक्ष सुरजीत राणा, ओ एस डी आयुष डाक्टर सुनीत पठानिया तथा पेंशनर प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रदीप बलौरिया,पंचायत प्रधान मनेई निशा देवी,प्रधान अपर लंज रेखा देवी,प्रधान हारचकियाँ तिलक राज, प्रधान ठेहड़ मंजीत सहित काफी संख्या में लोगों ने पहुंच कर श्रद्धाजलि दी।

