
नूरपुर – देवांश राजपूत
नूरपुर में शुक्रवार को अग्निपथ योजना के खिलाफ सड़कों पर उतरे युवा हिंसक होते दिखे। इस दौरान युवाओं ने सड़क बाधित करने के साथ पत्थरबाजी भी की, जिसके चलते पुलिस ने कुछ युवाओं को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को अग्निपथ योजना के विरोध में पठानकोट-मंडी नैशनल हाईवे जाम करने के बाद युवाओं ने जसूर-तलवाड़ा राजमार्ग पर पैरापिट तोड़कर पत्थर सड़क पर रख दिए और आधे घंटे के लिए ट्रैफिक जाम कर दिया। इस दौरान युवाओं ने महिलाओं से भी बदसलूकी की और पत्थरबाजी भी की।
स्थानीय युवाओं और पुलिस के सहयोग से कुछ युवाओं को हिरासत में लिया गया है। बता दें कि शुक्रवार को नूरपुर, फतेहपुर और ज्वाली के युवाओं ने अग्निपथ योजना के खिलाफ रैली निकाली थी। इस दौरान युवाओं ने पहले नैशनल हाईवे बाधित किया फिर राजमार्ग को बाधित करने का प्रयास किया।
इस बात की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और हुड़दंग मचाने वाले युवाओं को वहां से खदेड़ा, साथ ही कुछ को हिरासत में भी लिया है। एएसपी सुरेंद्र शर्मा ने इस बात की पुष्टि की है।
