निर्भया जैसा केस, शादीशुदा महिला से वैन में 3 घंटे तक सामूहिक दुष्कर्म, फिर लहूलुहान कर सडक़ पर फेंक भागे हैवान
हिमख़बर डेस्क
दिल्ली के निर्भया केस ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। यह ऐसा मामला था, जिसने देशवासियों की रूह को कंपा दिया था। इसके बाद हाल ही में पश्चिम बंगाल में भी महिला डाक्टर से हुए मामले ने मानवता को शर्मसार कर दिया थी।
अब ऐसा ही एक मामला हरियाणा में पेश आया है, जिसने पुरुष समाज को फिर कलंकित कर दिया है। यहां एक शादीशुदा महिला को लिफ्ट देकर दो लोग तीन घंटे तक हैवानियत का खेल खेलते रहे।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के फरीदाबाद में एक 28 वर्षीय शादीशुदा महिला के साथ हैवानियत की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
आरोप है कि दो युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने महिला को ईको वैन में बैठाया और करीब तीन घंटे तक शहर की सडक़ों पर घुमाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया।
वारदात के बाद आरोपी महिला को लहूलुहान हालत में चलती गाड़ी से सडक़ पर फेंककर फरार हो गए जिससे महिला के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
महिला को उसकी बहन सडक़ किनारे घायल अवस्था में मिली, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पीडि़ता की बहन ने कहा कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे उसकी छोटी बहन का फोन आया था। उसने कहा था कि घर में मां से कहासुनी हो गई है, इसलिए वह दोस्त के घर जा रही है और दो-तीन घंटे में लौट आएगी।
परिजनों के अनुसार, दोस्त के घर से निकलने में देर हो गई। रात करीब 12 बजे महिला दो नंबर चौक से कल्याणपुरी तीन नंबर चौक जाने के लिए सवारी तलाश रही थी।
इसी दौरान एक ईको वैन में सवार दो युवकों ने उसे लिफ्ट दी। आरोप है कि दोनों युवक महिला को कल्याणपुरी चौक की बजाय गुरुग्राम रोड की ओर ले गए।
गुरुग्राम के हनुमान मंदिर से आगे सुनसान इलाके में करीब तीन घंटे तक वैन में उसे बंधक बनाए रखा और इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला ने विरोध किया, लेकिन चलती गाड़ी और सुनसान सडक़ होने के कारण उसकी आवाज बाहर तक नहीं पहुंच सकी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

