
नालागढ़- सुभाष चंदेल
हिमाचल प्रदेश के शिमला की कंडा जेल से पेशी के लिए नालागढ़ की अदालत में लाया गया एक कैदी नहाने का बहाना बनाकर कोर्ट की तीसरी मंजिल के शौचालय से फरार हो गया। कैदी गंगू मांझी कोर्ट लगने से पहले ही भाग गया।
गुरुवार सुबह कंडा जेल से शिमला पुलिस के जवान कैदी को लेकर नालागढ़ स्थित एडीजे की अदालत में पहुंचे। गंगू मांझी वर्ष 2014 में बद्दी में हत्या का आरोपी है। वर्तमान में कंडा जेल में बंद है। वह हत्या के केस में ट्रायल पर था।
वीरवार को नालागढ़ एलडीजे कोर्ट में पेशी थी। शिमला पुलिस के जवान उसे कोर्ट लगने से पहले ही नालागढ़ लेकर पहुंचे थे। उसने नहाने की बात कही। इसके बाद तीसरी मंजिल के बाथरूम में नहाने चला गया। काफी देर बाद बाहर नहीं निकला तो पुलिस जवानों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो वह खिड़की से भाग चुका था। इससे कोर्ट में अफरातफरी मच गई।
उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि जब यह कैदी यहां से पहले भी भागा था तो इसे बाथरूम में नहाने की इजाजत नहीं देनी चाहिए थी। पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नालागढ़ पुलिस को सूचित किया गया। पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है।
कैदी की तलाश में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है। बीबीएन में पंफलेट बांटे गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि जहां भी यह व्यक्ति दिखे, तुरंत पुलिस को सूचना दें।
