
ग्राउंड में पशुओं के लगातार मरने से फैली सड़न, लोगों को सताने लगा बीमारी का डर
नगरोटा सुरियाँ – शिव गुलेरिया
स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ लगते खाली ग्राउंड के पास लगातार बेसहारा पशुओं का निरंतर मरना जारी है और फिर इन मरे हुए पशुओं को कोई उठा नहीं रहा है, जिस वजह से आसपास के दुकानदारों, अस्पताल में आने जाने-वाले मरीजों, तीमारदारों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को महामारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।
इस स्कूल के खेल मैदान में खेलों की बजाय पशुओं ने डेरा जमाया हुआ है। गौरतलब है कि अस्पताल के पास नगरोटा सूरियां वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल का ग्राउंड है, जिसका उचित रखरखाव नहीं होने के कारण अकसर सैकड़ों पशु इस ग्राउंड में बैठे रहते हैं। आजकल सर्दियों में ठंड की वजह से लगातार मर रहे हैं।
हालांकि स्कूल प्रशासन के पास इस ग्राउंड की स्टेज व चारदीवारी के लिए दस लाख रुपए मिला था, परंतु इस ग्राउंड से सटे स्थानीय लोगों के रास्ते के विवाद के कारण यह पैसा नहीं लग पाया है। इस ग्राउंड में पशुओं के लगातार मरने से वहां पर इतनी सड़ांध पैदा हो गई है, जिससे भयंकर बीमारी फैल सकती है।
प्रधानाचार्य सुशील धीमान के बोल
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगरोटा सूरियां के प्रधानाचार्य सुशील धीमान का कहना है कि इस ग्राउंड के रखरखाव के लिए विभाग को बहुत पहले ही लिखित भेजा जा चुका है, लेकिन ऊपर से अभी कोई भी इस बारे में आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं।
सहायक अभियंता युद्धवीर सिंह के बोल
लोक निर्माण विभाग नगरोटा सूरियां के सहायक अभियंता युद्धवीर सिंह ने कहा कि इस ग्राउंड की रखरखाव के लिए दस लाख का बजट शेष है, लेकिन स्कूल प्रशासन व स्थानीय लोगों के विवाद के चलते काम सिरे नहीं चढ़ पाया है।
पंचायत सुकनाड़ा प्रधान कर्ण पठानिया के बोल
ग्राम पंचायत सुकनाड़ा के प्रधान कर्ण पठानिया ने कहा कि ग्राउंड में अकसर बेसहारा पशु मरते रहते हैं, लेकिन पंचायत में इसके फंड का कोई भी प्रावधान नहीं है, जिस कारण से यह स्थिति पैदा हुई है।
जहां तक सामुदायिक भवन की बात है, इसके लिए लोक निर्माण विभाग को इसकी स्थिति का आकलन करवाकर इसको डिस्मेंटल करवाया जाएगा।
