एचपीयू बी.ए. द्वितीय वर्ष परीक्षा परिणाम
राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार ने फिर रचा इतिहास
शत-प्रतिशत परिणाम, रेखा बनी कॉलेज टॉपर
सीमित संसाधनों के बावजूद धारकंडी क्षेत्र के विद्यार्थियों ने किया शानदार प्रदर्शन
शाहपुर – नितीश पठानियां
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) द्वारा घोषित बी.ए. द्वितीय वर्ष के वार्षिक परीक्षा परिणाम में राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम दर्ज कर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता को सिद्ध किया है।
महाविद्यालय की छात्रा रेखा ने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कल्पना ने 84 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि ईशा शर्मा एवं अवंतिका ने 77-77 प्रतिशत अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार, जो कि धारकंडी क्षेत्र के ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्र में स्थित है, सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है।
महाविद्यालय की स्थापना के बाद से विद्यार्थियों ने प्रत्येक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल महाविद्यालय बल्कि सम्पूर्ण क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस वर्ष भी सभी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रखा।
महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की लगन, अनुशासन, कठिन परिश्रम, अभिभावकों के सहयोग तथा शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी कभी भी सफलता में बाधा नहीं बनती, यदि विद्यार्थियों में सीखने की इच्छा और आगे बढ़ने का जज़्बा हो।
उन्होंने आगे कहा कि राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार की स्थापना से लेकर आज तक विद्यार्थियों ने निरंतर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर यह सिद्ध किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी सच्ची लगन और परिश्रम के बल पर ऊँचे से ऊंचा मुकाम हासिल कर सकते हैं।
महाविद्यालय भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों ने भी विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय के विद्यार्थी आने वाले समय में भी शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर धारकंडी क्षेत्र, जिला कांगड़ा तथा हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।

