धर्मशाला – राजीव जस्वाल
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में विश्वकप 2023 के मैचों के आयोजन से पहले विजेता टीम को मिलने वाली ट्रॉफी लाई गई है। बुधवार सुबह यह ट्रॉफी धर्मशाला लाई गई, जिसका भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में लोग ट्रॉफी को देखने के लिए उमड़े।

बता दें कि धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में विश्व कप के कुल पांच मैचों का आयोजन किया जाएगा। 22 अक्तूबर को यहां पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला होगा।

जानकारी के अनुसार, सुबह 8:30 बजे कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट पर ट्रॉफी पहुंची और यहां पर बैंडबाजे के साथ विश्व कप की ट्रॉफी का स्वागत किया गया। यहां से खुले वाहन में ट्रॉफी को क्लियर चौक तक लाया गया और वहां पर फोटोशूट के बाद धर्मशाला शहीद स्मारक पर ट्रॉफी को प्रदर्शित किया गया।

शहीदों की याद में बनाए गए स्मारक में कुछ देर ट्रॉफी को रखा गया और फिर फोटोशूट किया गया। 11 बजे ट्रॉफी को कोतवाली बाजार ले जाया गया। वहां पर ट्रॉफी को कुछ देर रखने के बाद ओपन जीप में मैक्लोडगंज के मुख्य चौक और फिर करीब 12 बजे ट्रॉफी दलाईलामा मंदिर लाई गई।
तीन बजे ट्रॉफी क्रिकेट मैदान में रखी। इस दौरान पैराशूट से ट्रॉफी पर पुष्प वर्षा की। शाम 5 बजे स्वागत में कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में आइपीएल चेयरमैन अरुण धूमल मुख्यातिथि रहे। ट्रॉफी के स्वागत में लेजर शो के साथ भव्य आतिशबाजी की गई।

