
हिमखबर- डेस्क
गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार की प्रक्रिया फिर से शुरू हो गई है। इस बाबत गत दिनों एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया और जिला प्रशासन की बैठक हुई है। इस दौरान तय किया गया है कि एयरपोर्ट के रनवे यानी हवाई पट्टी का विस्तार अब एक नहीं बल्कि दो चरण में होगा। इस बाबत एयरपोर्ट अथारिटी और जिला प्रशासन ने भी हामी भर दी है।
उपायुक्त कांगड़ा डा. निपुण जिंदल ने बताया कि एयरपोर्ट के रनवे को बढ़ाकर 3110 मीटर किया जाना है। पहले चरण में हवाई पट्टी को 1372 मीटर से बढ़ाकर 1900 मीटर किया जाएगा। दूसरे चरण में 1900 मीटर से बढ़ाकर 3110 मीटर किया जाएगा। चौड़ाई दोनों ओर से 190-190 मीटर बढ़ाई जाएगी। नए सर्वेक्षण के अनुसार एयरपोर्ट की हवाई पट्टी पुराना मटौर से आगे तक पहुंच जाएगी, जबकि गगल बाजार, इच्छी व सहौड़ा सहित अन्य गांव प्रभावित होंगे।
यह है मौजूदा रनवे की स्थिति
वर्तमान में हवाई पट्टी 1370 मीटर लंबी व 30 मीटर चौड़ी है। एयरपोर्ट में दो विमानों के एक साथ उतरने की व्यवस्था है। एयरपोर्ट विस्तार के लिए तीन बार सर्वे हो चुके हैं। 2015 में हुए सर्वे के अनुसार एयरपोर्ट का रनवे 1700 मीटर होना था।
इसके बाद प्रदेश सरकार ने दोबारा सर्वे करवाकर हवाई पट्टी को 1370 से बढ़ाकर करीब 2050 मीटर एवं दो किलोमीटर बनाने की योजना बनाई। इसके बाद 2400 मीटर व अब रनवे 3110 मीटर किया जा रहा है। भूमि अधिग्रहण के लिए सर्वे हो चुका है। सर्वे के अनुसार गगल चौक से आगे पुराना मटौर तक भूमि का अधिग्रहण होगा।
बनोई से डाइवर्ट होगा एनएच
इससे पहले जब रनवे 2400 मीटर किया जाना प्रस्तावित था तो प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। नए सर्वेक्षण के अनुसार नूरपुर की ओर से बनोई से जबकि पालमपुर की ओर से मटौर से एनएच में हल्का बदलाव (डाइवर्ट) करना पड़ेगा।
