
हिमखबर – डेस्क
हिमाचल प्रदेश में आज से सावन माह शुरू हो गया है। देवभूमि के शिवालय एक माह ओम नम: शिवाय के मंत्र गूंजेंगे। प्रदेशभर के शिवालयों में सुबह से रौनक है। कांगड़ा, मंडी व कुल्लू के शिवालयों में इस उत्सव की खास तैयारी है।
मंडी जिला में आज से सावन मास महोत्सव के कारण एकादश रूद्र मंदिर मंडी में 43वां श्रावण महोत्सव आयोजित होगा। उपायुक्त अरिंदम चौधरी अखंड ज्योति प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। यह जाप एक महीने तक मंदिर में चलता रहेगा।
एकादश रूद्र मंदिर के पुजारी स्वामी संत सुंदरम ने बताया कि ओम नम: शिवाय का अखंड ज्योति प्रज्वलित होने के बाद मासिक अखंड जाप ब्यास गद्दी पर शनिवार सुबह नौ बजे से शुरू हुआ जो 14 अगस्त तक चलेगा।
लंगर दिन में 11.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक चलेगा। रामायण पाठ रात आठ से नौ बजे तक प्रतिदिन होगा। वहीं, 18 व 25 जुलाई और पहली व आठ अगस्त को भजन शाम होंगी।
आर्ट आफ लिविंग संस्था की ओर से 25 जुलाई को शाम पांच से छह बजे तक अमृतवाणी, साईं भजन 19 व 26 जुलाई को शाम छह से सात बजे तक होंगे।
श्री सत्य साईं सेवा समिति मंडी की ओर से 19 व 26 जुलाई और दो व नौ अगस्त को सुंदरकांड पाठ दिन में 11 से दोपहर एक बजे तक होगा।
वहीं, 11 अगस्त को अमरनाथ गुफा के दर्शन करवाए जाएंगे और 14 अगस्त को भजन कीर्तन रात को होगा। 15 अगस्त को भगवान का रुद्राभिषेक और चंडी पाठ, हवन शुरू होगा और दोपहर 12 बजे पुर्णाहुति होगी।
